रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ा झटका लगा है। राज्य में बिजली की दरों में औसतन 6.23 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। इस बढ़ोतरी के बाद घरेलू, गैर-घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं को अब अधिक बिजली बिल चुकाना होगा।
घरेलू उपभोक्ताओं पर असर
नए संशोधन के अनुसार घरेलू कनेक्शन की बिजली दरों में 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तक की बढ़ोतरी की गई है। इससे आम घरों के मासिक बिजली बिल में सीधा असर पड़ेगा। दुकान, ऑफिस और अन्य व्यावसायिक उपयोग के लिए इस्तेमाल होने वाले गैर-घरेलू कनेक्शन की दरों में भी 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की गई है। इससे व्यापारिक वर्ग की लागत बढ़ने की संभावना है।
किसानों पर भी असर
कृषि पंपों के लिए भी बिजली दरों में 40 पैसे प्रति यूनिट तक की बढ़ोतरी की गई है। इससे सिंचाई लागत बढ़ने से किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है।
उपभोक्ताओं में नाराजगी
बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है। आम लोगों का कहना है कि पहले से महंगाई के बीच यह बढ़ोतरी उनके बजट पर और दबाव डालेगी। बिजली विभाग के अनुसार यह बढ़ोतरी उत्पादन लागत और वितरण खर्च में वृद्धि के कारण की गई है। हालांकि इससे आम उपभोक्ताओं पर सीधा असर पड़ना तय माना जा रहा है। नए दर लागू होने के बाद जुलाई महीने के बिजली बिल से इसका असर दिखना शुरू हो जाएगा।

