एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट का सबसे बड़ा मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जा रहा है। दोनों टीमें गोल्ड मेडल के लिए आमने सामने हैं। जापान के निस्शिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जा रहे इस फाइनल में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।भारत ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी, जबकि पाकिस्तान ने बारिश से प्रभावित सेमीफाइनल में बांग्लादेश को छह विकेट से मात दी थी।
टॉस के दौरान फिर नहीं मिला दोनों कप्तानों का हाथ
टॉस के समय भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर और पाकिस्तान के कप्तान साहिबजादा फरहान के बीच हाथ मिलाने की परंपरा देखने को नहीं मिली। यह घटनाक्रम पिछले कुछ मुकाबलों में दोनों टीमों के बीच नजर आए बदले हुए प्रोटोकॉल के अनुरूप रहा।भारत इस टूर्नामेंट में गत चैंपियन के तौर पर उतरा है। 2023 में भारत ने एशियन गेम्स में पुरुष क्रिकेट का गोल्ड मेडल जीता था और इस बार भी टीम की नजर खिताब पर है।
सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को दिया था बड़ा झटका
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 169 रन बनाए थे। ईशान किशन ने नाबाद 80 रन की पारी खेली, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने 38 रन बनाए। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका को सिर्फ 45 रन पर समेट दिया और भारत ने 124 रन से मुकाबला अपने नाम किया।दूसरी ओर पाकिस्तान ने बांग्लादेश के खिलाफ बारिश से प्रभावित 13 ओवर के सेमीफाइनल में 112 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए छह विकेट से जीत दर्ज की थी।
फाइनल में भारत की प्लेइंग XI
भारत की अंतिम एकादश में वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई और जसप्रीत बुमराह शामिल हैं।
पाकिस्तान की प्लेइंग XI
पाकिस्तान की टीम में साहिबजादा फरहान, माज सदाकत, उस्मान खान, सईम अयूब, हसन नवाज, अब्दुल समद, अराफात मिन्हास, अहमद दानियाल, मोहम्मद वसीम जूनियर, अबरार अहमद और सुफियान मुकीम को जगह मिली है।
गोल्ड मेडल के लिए पहली बार एशियन गेम्स में आमने सामने भारत और पाकिस्तान
एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट में भारत और पाकिस्तान का यह पहला मुकाबला है। भारत 2023 में गोल्ड मेडल जीत चुका है, जबकि पाकिस्तान अब तक एशियन गेम्स पुरुष क्रिकेट में गोल्ड नहीं जीत सका है। ऐसे में निस्शिन में खेला जा रहा यह फाइनल दोनों टीमों के लिए खास महत्व रखता है।

