नई दिल्ली। बैंकॉक से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट में शनिवार देर रात एक यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द और सांस लेने में परेशानी की शिकायत के बाद पायलट ने मेडिकल इमरजेंसी को देखते हुए विमान को लखनऊ डायवर्ट करने का फैसला लिया। विमान ने लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की, जहां यात्री को तत्काल मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई गई।
10:52 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरी फ्लाइट
मिली जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E1054 बैंकॉक से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। सफर के दौरान एक यात्री की तबीयत अचानक खराब हो गई। उसकी स्थिति को देखते हुए विमान को लखनऊ की ओर मोड़ा गया।
फ्लाइट ने रात करीब 10:52 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान के पहुंचते ही एयरपोर्ट की मेडिकल टीम और एम्बुलेंस को तैयार रखा गया था।
विमान में पहुंची मेडिकल टीम, यात्री की हालत स्थिर
लैंडिंग के बाद मेडिकल टीम सीधे विमान के अंदर पहुंची और यात्री की जांच की। प्रारंभिक जांच में यात्री की हालत स्थिर पाई गई। इसके बाद उसे विमान से उतारकर टर्मिनल-3 ले जाया गया, जहां आवश्यक इमिग्रेशन और अन्य औपचारिकताएं पूरी की गईं।

