बच्चों की पिज्जा खाने की जिद अब आपको परेशान नहीं करेगी। अगर घर में ब्रेड, कुछ सब्जियां और चीज मौजूद है, तो बिना पिज्जा बेस तैयार किए आप स्वादिष्ट ब्रेड पिज्जा पॉकेट्स बना सकते हैं। यह रेसिपी कम समय में तैयार हो जाती है और शाम के नाश्ते, टिफिन या अचानक आए मेहमानों के लिए भी बेहतरीन विकल्प है।
किन चीजों की होगी जरूरत?
ब्रेड पिज्जा पॉकेट्स बनाने के लिए आपको चाहिए:
- 6 से 8 ब्रेड स्लाइस
- 2 से 3 बड़े चम्मच पिज्जा सॉस या टोमैटो सॉस
- 1 कप कद्दूकस किया हुआ चीज
- बारीक कटी शिमला मिर्च
- बारीक कटा प्याज
- उबला हुआ स्वीट कॉर्न
- बारीक कटा टमाटर
- चिली फ्लेक्स
- ऑरेगैनो
- काली मिर्च पाउडर
- मक्खन या थोड़ा सा तेल
आप चाहें तो अपनी पसंद के अनुसार मशरूम, ऑलिव, पनीर या दूसरी सब्जियां भी मिला सकते हैं।
ऐसे तैयार करें ब्रेड पिज्जा पॉकेट्स
सबसे पहले ब्रेड स्लाइस के किनारे काटकर उन्हें हल्का बेल लें, ताकि वे आसानी से मोड़ सकें।अब एक बाउल में कटी हुई सब्जियां, चीज, चिली फ्लेक्स, ऑरेगैनो और काली मिर्च डालकर अच्छी तरह मिला लें। चाहें तो इसमें थोड़ा पिज्जा सॉस भी मिला सकते हैं।इसके बाद ब्रेड के बीच में तैयार स्टफिंग रखें और उसे पॉकेट की तरह मोड़ दें। किनारों को अच्छी तरह दबाकर बंद करें। जरूरत हो तो हल्के पानी या मैदा के घोल की मदद से किनारों को सील कर दें, ताकि पकाते समय स्टफिंग बाहर न निकले।
पैन, ओवन या एयर फ्रायर, जैसे चाहें वैसे बनाएं
एक पैन में मक्खन या तेल गर्म करें और पॉकेट्स को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें।अगर आप हेल्दी विकल्प चाहते हैं, तो इन्हें एयर फ्रायर या ओवन में भी आसानी से तैयार कर सकते हैं।परोसने से पहले ऊपर से थोड़ा चीज, ऑरेगैनो या चिली फ्लेक्स छिड़क दें, जिससे स्वाद और भी बढ़ जाएगा।
इस रेसिपी की खास बात
ब्रेड पिज्जा पॉकेट्स की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे बनाने के लिए अलग से पिज्जा बेस तैयार करने की जरूरत नहीं होती। घर में बची हुई ब्रेड और सब्जियों का उपयोग करके भी यह स्वादिष्ट स्नैक बनाया जा सकता है। स्वाद के साथ इसमें सब्जियां शामिल होने से यह बच्चों के लिए अपेक्षाकृत पौष्टिक विकल्प भी बन जाता है।
इनके साथ करें सर्व
गरमा-गरम ब्रेड पिज्जा पॉकेट्स को टोमैटो सॉस, मेयोनीज, चीज डिप या अपनी पसंद की किसी भी डिप के साथ परोसें। चाय के साथ भी यह एक शानदार स्नैक साबित होगा।अगर अगली बार बच्चे पिज्जा की फरमाइश करें, तो बाहर से ऑर्डर करने के बजाय यह आसान और झटपट बनने वाली रेसिपी जरूर आजमाएं।

