रायपुर। छत्तीसगढ़ के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। मंत्रालय स्थित महानदी भवन से जारी आदेश के तहत राज्य की 27 जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (सीईओ) के प्रभार में फेरबदल किया गया है। इस निर्णय के बाद कई जिलों में अधिकारियों की नई पदस्थापना तय हो गई है।
जारी आदेश के अनुसार बलौदाबाजार, धमतरी, बालोद, दुर्ग, राजनांदगांव, बेमेतरा और मुंगेली सहित विभिन्न जिलों की जनपद पंचायतों में पदस्थ सीईओ का तबादला किया गया है। कुछ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि कई को अन्य जिलों में स्थानांतरित किया गया है। सूत्रों के अनुसार यह व्यापक प्रशासनिक फेरबदल पंचायत स्तर पर कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के उद्देश्य से किया गया है।

