मध्य प्रदेश के मंडला जिले में गणेश उत्सव के बाद एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। नैनपुर क्षेत्र के हीरापुर गांव में गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद पंडाल में आराम कर रहे युवकों पर बिजली का तार गिर गया। करंट फैलने से चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है।
विसर्जन के बाद पंडाल में सो रहे थे युवक
जानकारी के अनुसार, गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने के बाद करीब 7 से 8 युवक गांव में बनाए गए गणेश पंडाल में सोने चले गए थे। इसी दौरान अचानक बिजली का तार टूटकर पंडाल पर जा गिरा। तार के संपर्क में आने से पूरे पंडाल में करंट फैल गया और वहां सो रहे युवक इसकी चपेट में आ गए।
चार युवकों की मौके पर मौत
हादसे में चार युवकों की जान चली गई। मृतकों की पहचान जैनू भांवरे उम्र 19 वर्ष, रवि झारिया उम्र 24 वर्ष, कृष्ण कुमार भांवरे उम्र 18 वर्ष और विरेन्द्र भांवरे उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
तीन घायल, एक की हालत गंभीर
करंट की चपेट में आने से तीन युवक घायल भी हुए हैं। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, दो अन्य घायलों का इलाज नैनपुर अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बिजली का तार किस वजह से पंडाल पर गिरा और हादसे की परिस्थितियां क्या थीं।

