दिल्ली के पूर्वी इलाके कल्याणपुरी में आधी रात हुए विवाद के बाद 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जय सिंह उर्फ गंजू के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है और वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
11 और 15 ब्लॉक के बीच हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, घटना गुरुवार रात करीब 12:40 बजे कल्याणपुरी में 11 ब्लॉक और 15 ब्लॉक के बीच सड़क पर हुई। जय सिंह और आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान जय सिंह पर कथित तौर पर चाकू से हमला किया गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही बिगड़ गई हालत
चाकू लगने के बाद घायल जय सिंह को तत्काल लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दो आरोपी पकड़े गए, हथियार भी बरामद
पुलिस ने हत्या के संबंध में केस दर्ज कर दो आरोपियों को पकड़ा है। वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले चाकू को भी बरामद कर लिया गया है। अब जांच अधिकारी विवाद की वजह और हत्या में शामिल सभी लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटे हैं।कल्याणपुरी इलाके में यह हाल के दिनों में चाकूबाजी की दूसरी गंभीर घटना है। इससे कुछ दिन पहले ही एक MCD सफाई कर्मचारी की भी चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी।

