दुर्ग : पाटन क्षेत्र में शराब पीने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद जानलेवा हो गया। शराब दुकान के पास हुए झगड़े में एक युवक के साथ इतनी मारपीट की गई कि इलाज के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना पाटन स्थित शराब दुकान के पास की बताई जा रही है। ग्राम फुंडा निवासी रूपेश कुमार वर्मा शराब खरीदने पहुंचा था। इसी दौरान ग्राम चीचा निवासी विपिन चंद्राकर से शराब पीने को लेकर उसकी बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
पेट और गुप्तांग पर किए गंभीर वार
पुलिस के मुताबिक विवाद के दौरान विपिन चंद्राकर ने रूपेश के साथ जमकर मारपीट की। आरोप है कि उसने रूपेश के पेट और गुप्तांग पर कई बार लात-घूंसे मारे। गंभीर चोट लगने के बाद रूपेश मौके पर ही बेसुध होकर गिर गया।
घटना की जानकारी मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत में कुछ सुधार दिखाई दिया, जिसके चलते परिजन उसे रात में घर ले आए।
अचानक बिगड़ी तबीयत और हो गई मौत
घर पहुंचने के कुछ समय बाद रात करीब 9 बजे रूपेश की तबीयत फिर अचानक खराब हो गई। इसके बाद उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर के अंदरूनी हिस्सों और अंगों में गंभीर चोट के संकेत मिले। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई शुरू की।
हत्या के आरोप में आरोपी गिरफ्तार
पाटन पुलिस ने जांच के बाद आरोपी विपिन चंद्राकर को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

