रायपुर। घटिया प्रेग्नेंसी किट से एक अस्वस्थ बालिका को गर्भवती बताए जाने के मामले में राज्य शासन ने घुमका राजनांदगांव के बीएमओ डॉ. एनके टंडन को सोमवार को सस्पेंड कर दिया है। उन्हें स्वास्थ्य परीक्षण में गंभीर लापरवाही के आरोप में सस्पेंड किया गया है। निलंबन के दौरान वे जेडी स्वास्थ्य कार्यालय दुर्ग में अटैच रहेंगे।
बालिका को बता दिया गर्भवती
14 वर्षीय नाबालिग बालिका ग्राम ईरा की रहने वाली थी। प्रेग्नेंसी किट ने बालिका को गर्भवती बता दिया था। जबकि दोबारा जांच में गर्भवती होने की पुष्टि नहीं हुई। मामले में सोमनी टीआई व महिला हवलदार को पहले ही सस्पेंड किया जा चुका है। दरअसल महिला हवलदार ने गर्भवती होने का हवाला देकर बालिका से युवक का नाम जानने के लिए जोर जबर्दस्ती की थी।
आरोप है कि बालिका को रातभर थाने में रखा गया था। इससे बीमार बालिका को काफी परेशानी हुई थी। घटिया किट की चर्चा काफी थी। इस किट को जीवनदीप समिति के माध्यम से लोकल पर्चेस किया गया था। पहले सीजीएमएससी द्वारा सप्लाई प्रेग्नेंसी किट की शिकायत भी सामने आई थीं। दरअसल ये किट गलत रिपोर्ट दे रही थी। इसलिए इस किट की सप्लाई पर रोक लगाई गई थी। सप्लायर को नोटिस भी दिया गया था।

