बेतिया। बिहार के बेतिया में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने नवजात के छठियार समारोह की खुशियां मातम में बदल दीं। एनएच-727 पर बसवरिया पराउटोला बनकटवा मध्य विद्यालय के सामने तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे समारोह में जुटी भीड़ में जा घुसी। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
ट्रक से टक्कर बचाने में हुआ बड़ा हादसा
जानकारी के अनुसार, बसवरिया निवासी शत्रुघ्न दुबे के घर नवजात के छठियार का कार्यक्रम चल रहा था। सड़क किनारे आयोजित समारोह में भोज के साथ ऑर्केस्ट्रा का कार्यक्रम भी था और बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां मौजूद थे।
इसी दौरान बेतिया की ओर से गैस सिलेंडर लदा ट्रक और लौरिया की तरफ से शाही ट्रैवल्स की बस आमने-सामने आ गई। टक्कर से बचने के प्रयास में बस चालक ने वाहन की दिशा बदल दी। इसके बाद तेज गति से चल रही बस सीधे ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों की भीड़ में जा घुसी।
मौके पर चीख-पुकार, पांच लोगों की मौत
बस की चपेट में करीब 10 लोग आ गए। हादसे में दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। कुछ घायलों का इलाज जारी है, जबकि उपचार के बाद कुछ लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
मृतकों की पहचान देवेंद्र दुबे, बहादुर महतो, संजय महतो, छांगुर राम और भोला दुबे के रूप में हुई है। बताया गया है कि सभी मृतक बनकटवा वार्ड 10 के रहने वाले थे।
इन लोगों का चल रहा इलाज
हादसे में श्यामबाबू कुमार, नरेश राम, अजीत कुमार, मोतीचंद महतो और फखरुद्दीन मियां समेत कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
हादसे के बाद सड़क पर हंगामा
घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर हंगामा किया और बस व ट्रक में तोड़फोड़ कर दी। स्थिति संभालने पहुंची पुलिस को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा।
हादसे के बाद दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बस और ट्रक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव में पसरा मातम, मुआवजे की मांग
एक ही गांव के कई लोगों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों, वाहन चालकों की भूमिका और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

