मध्य प्रदेश: ग्वालियर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शादी के कुछ ही घंटे बाद एक नवविवाहिता कथित रूप से छत के रास्ते घर से निकल गई। बाद में परिजनों ने उसे खोजकर वापस लाया, लेकिन पति ने उसके साथ रहने से इनकार कर दिया। यह मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है।
शादी के बाद खुशियों का माहौल अचानक बदला
घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सिंधिया नगर की है। यहां रहने वाले टेंट व्यवसायी जितेंद्र जोशी का विवाह 28 जून को मुरैना जिले के झुंडपुरा निवासी नम्रता जोशी से हुआ था। शादी के बाद दुल्हन का ससुराल में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया गया और देर रात तक विवाह की रस्में चलती रहीं।
सुबह उठे तो कमरे में नहीं थी दुल्हन
अगली सुबह जब जितेंद्र की नींद खुली तो उनकी पत्नी कमरे में नहीं थी। परिवार के लोगों ने तलाश शुरू की। मुख्य दरवाजे पर ताला लगा मिला, जबकि छत की ओर जाने वाले दरवाजे की केवल कुंडी खुली हुई थी, जिससे संदेह गहरा गया।
सीसीटीवी फुटेज में सामने आई पूरी घटना
परिवार ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी। फुटेज में कथित तौर पर नवविवाहिता सुबह के समय पड़ोसी मकानों की छतों के रास्ते जाती हुई दिखाई दी। परिजनों का यह भी दावा है कि वह शादी में मिले सोने-चांदी के आभूषण अपने साथ लेकर गई थी।
दोनों पक्ष पहुंचे थाने
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद मायके और ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर महिला को तलाशा और उसे थाने ले जाया गया। बताया जा रहा है कि वहां दोनों परिवारों के बीच बातचीत भी हुई।
पति ने साथ रखने से किया इनकार
थाने में पति जितेंद्र जोशी ने पत्नी के साथ रहने से साफ इनकार कर दिया। उनका कहना था कि हाल के दिनों में सामने आए चर्चित आपराधिक मामलों के कारण वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और ऐसे माहौल में साथ नहीं रहना चाहते।
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

