Nagpur Temple Theft: महाराष्ट्र के नागपुर से मंदिर में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दो आरोपियों ने पहले मंदिर में भगवान के सामने कान पकड़कर माफी मांगी और उसके बाद दानपेटी का ताला तोड़कर नकदी लेकर फरार हो गए। हालांकि वारदात के कुछ ही समय बाद दोनों आरोपियों की किस्मत ने उनका साथ छोड़ दिया। एक आरोपी सड़क दुर्घटना में घायल हो गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने तकनीकी निगरानी के जरिए गिरफ्तार कर लिया।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
पुलिस के अनुसार 27 जुलाई की रात मालधक्का इलाके स्थित शीतला माता मंदिर और शिव मंदिर में दो युवकों ने दानपेटियों के ताले तोड़कर नकदी चोरी की। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई।
वीडियो में दोनों आरोपी चोरी करने से पहले भगवान के सामने कान पकड़कर माफी मांगते नजर आए। इसके बाद उन्होंने दानपेटी का ताला तोड़ा और वहां रखी नकदी लेकर मौके से फरार हो गए।
भागते समय एक आरोपी हुआ सड़क हादसे का शिकार
चोरी के बाद आरोपी जयनीत चौरे छत्तीसगढ़ में अपने रिश्तेदार के यहां छिपने के लिए निकला था। रास्ते में वह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया, जिसमें उसकी टांग टूट गई। हादसे के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सिंबा सिस्टम से पुलिस ने दूसरे आरोपी को दबोचा
नागपुर पुलिस ने अपने तकनीकी निगरानी सिस्टम ‘सिंबा’ की मदद से दूसरे आरोपी वंश मेश्राम को जरीपटका इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड मौजूद था, जिससे उनकी पहचान और गिरफ्तारी आसान हो गई।
शराब की लत और पुराने मामलों का मिला सुराग
जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी शराब के आदी हैं और नशे में हंगामा करने सहित कई मामलों में पहले से पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज हैं। पुलिस ने इन्हीं रिकॉर्ड और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी की तैयारी
लकड़गंज थाना पुलिस के वरिष्ठ निरीक्षक मुकुंद कवाडे ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं सड़क हादसे में घायल दूसरे आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम कार्रवाई कर रही है। मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है।

