नई दिल्ली। NEET EXAM: राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने 21 जून 2026 को होने वाली NEET UG री-एग्जाम से पहले देशभर के मेडिकल कॉलेजों और संस्थानों को एक नई एडवाइजरी जारी की है। इसमें कॉलेज प्रशासन से कहा गया है कि 20 और 21 जून को छात्रों को सामान्य अवकाश (Leave) न दिया जाए।
केवल आपातकालीन परिस्थितियों और उचित कारण होने पर ही छुट्टी दी जाए। आयोग ने शिक्षा मंत्रालय के पत्र का हवाला देते हुए कहा है कि परीक्षा का निष्पक्ष और सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए सभी कॉलेजों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा।
NMC ने कहा है कि पहले भी कुछ मामलों में मेडिकल कॉलेजों के छात्रों की परीक्षा से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्तता सामने आ चुकी है। इसे देखते हुए सभी मेडिकल कॉलेजों और संस्थानों को सतर्क रहने तथा छात्रों को परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोग का उद्देश्य किसी भी तरह की अनियमितता को रोकना और परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखना है।

