नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के राजभाषा विभाग ने सरकारी कामकाज में हिंदी के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए दो दिवसीय ‘हिंदी प्रतियोगिता 2026-27’ का आयोजन किया। यह कार्यक्रम 20 और 21 अगस्त को आयोजित हुआ, जिसमें निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों को हिंदी में सरकारी कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करना और कार्यालयीन कामकाज में सरल, स्पष्ट तथा प्रभावी भाषा के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है।
निबंध और नोटिंग-ड्राफ्टिंग समेत कई प्रतियोगिताएं
दो दिनों के कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें निबंध लेखन, नोटिंग और ड्राफ्टिंग, सुंदर लिखावट तथा हिंदी भाषा दक्षता से जुड़ी प्रतियोगिताएं शामिल रहीं।प्रतिभागियों को इन गतिविधियों के जरिए अपनी भाषा, लेखन शैली और अभिव्यक्ति क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
विजेताओं को मिलेंगे 4 हजार रुपये तक के पुरस्कार
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए नकद पुरस्कार भी रखे गए हैं। प्रथम स्थान हासिल करने वाले को 4,000 रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 3,000 रुपये और तीसरे स्थान के विजेता को 2,000 रुपये दिए जाएंगे।इसके अलावा पांच प्रतिभागियों को 1,000 रुपये का सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा।
सरकारी कामकाज में आसान हिंदी पर जोर
राजभाषा विभाग के अनुसार इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य MCD के रोजमर्रा के प्रशासनिक कामकाज में हिंदी के सहज और प्रभावी प्रयोग को बढ़ाना है। कर्मचारियों को राजभाषा में काम करने के लिए प्रेरित करने के साथ भाषा के प्रति उनकी रुचि और दक्षता को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।विभाग का मानना है कि सरकारी कामकाज में सरल हिंदी का अधिक इस्तेमाल होने से योजनाओं, सेवाओं और जरूरी सूचनाओं को आम नागरिकों तक आसानी से पहुंचाया जा सकता है।

