उत्तराखंड में सोमवार तड़के आए भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। सबसे अधिक असर उत्तरकाशी जिले में देखने को मिला, जहां 4.2 तीव्रता के भूकंप ने लोगों को रात में घरों से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया। वहीं टिहरी गढ़वाल के कुछ हिस्सों में भी हल्के झटके महसूस किए गए। राहत की बात यह रही कि दोनों जिलों में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
रात डेढ़ बजे से पहले कांपी धरती
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी में भूकंप रात करीब 1:21 बजे आया। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.2 दर्ज की गई, जबकि केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। भूकंप का केंद्र बड़कोट तहसील मुख्यालय के पास राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास बताया गया है।
झटके महसूस होते ही यमुना और गंगा घाटी सहित जिले के कई इलाकों में लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। कई लोगों ने अपने परिजनों और परिचितों से संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली।
टिहरी गढ़वाल में भी महसूस हुई कंपन
उत्तरकाशी के अलावा टिहरी गढ़वाल जिले के कीर्तिनगर और घनसाली क्षेत्र में भी भूकंप के हल्के झटके दर्ज किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक यहां भूकंप की तीव्रता 2.0 रही और इसका केंद्र करीब 5 किलोमीटर की गहराई में था। कम तीव्रता होने के कारण किसी प्रकार की क्षति की सूचना नहीं मिली।
प्रशासन ने रखी स्थिति पर नजर
भूकंप के बाद दोनों जिलों का प्रशासन सतर्क हो गया और हालात की निगरानी शुरू कर दी। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों से जानकारी जुटाई, लेकिन अब तक किसी भवन को नुकसान पहुंचने या किसी व्यक्ति के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
भूकंप के झटकों के बाद प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन को तुरंत सूचना देने की अपील की है। फिलहाल दोनों जिलों में स्थिति सामान्य बनी हुई है।

