मध्य प्रदेश : जुलाई की शुरुआत से लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। तेज बारिश के चलते पार्वती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है, जिससे बैरसिया-नरसिंहगढ़ मार्ग पर बनाया गया अस्थायी वैकल्पिक रास्ता पूरी तरह पानी में डूब गया है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने इस मार्ग पर सभी प्रकार की आवाजाही तत्काल प्रभाव से बंद कर दी है।
पानी में डूबा वैकल्पिक मार्ग, आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित
एसडीएम बैरसिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार पार्वती नदी पर बना पुराना पुल पहले से ही क्षतिग्रस्त होने के कारण बंद है। इसके बाद आवागमन के लिए तैयार किया गया अस्थायी मार्ग भी तेज बहाव की चपेट में आकर जलमग्न हो गया है। ऐसे में दोपहिया, चारपहिया, ट्रैक्टर, भारी वाहन ही नहीं, पैदल चलने वालों के लिए भी इस मार्ग का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है।
बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश
प्रशासन ने संबंधित विभागों को प्रतिबंधित क्षेत्र में बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा संकेतक लगाने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति जोखिम उठाकर नदी पार करने का प्रयास न करे। अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
आदेश की अनदेखी पर होगी कानूनी कार्रवाई
एसडीएम ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध के बावजूद यदि कोई व्यक्ति इस मार्ग का उपयोग करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील
प्रशासन ने तहसील, पुलिस, जनपद पंचायत और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सुरक्षित वैकल्पिक मार्गों के उपयोग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि बारिश के दौरान उफनती नदियों, पुल-पुलियों और जलमग्न रास्तों को पार करने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ा हादसा बन सकती है।

