कोरबा। जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र में रविवार सुबह मजदूरों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और तेज रफ्तार में पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में 9 मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
कार्बन फैक्ट्री जा रहे थे मजदूर
जानकारी के अनुसार, दरगा गांव के 12 से अधिक मजदूर रोज की तरह गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्ट्री में काम करने के लिए पिकअप वाहन से निकले थे। सुबह करीब 8 बजे बनखेता गांव के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते पिकअप सड़क किनारे पलटकर पेड़ से जा भिड़ी।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई मजदूर वाहन के नीचे दब गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने मिलकर पिकअप को सीधा किया और अंदर फंसे मजदूरों को बाहर निकालकर राहत कार्य शुरू किया।
तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल
सूचना मिलते ही रजगामार चौकी पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल मजदूरों में उर्मिला कंवर, अंजली कंवर और सरिता मांझी शामिल हैं। अन्य घायल मजदूरों का भी इलाज जारी है।
घायल मजदूर सविता ने बताया कि सभी लोग सुबह मजदूरी के लिए फैक्ट्री जा रहे थे। रास्ते में अचानक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई और हादसा हो गया।
ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों के अनुसार, गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों के आने-जाने के लिए ठेकेदार पिकअप वाहनों का इस्तेमाल करता है। इन वाहनों में अक्सर क्षमता से अधिक मजदूर बैठाए जाते हैं। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वाहन में तय क्षमता से अधिक मजदूर तो नहीं बैठाए गए थे।

