रायपुर। नया रायपुर (अटल नगर) में लंबे समय से प्रतीक्षित तहसील दफ्तर के लिए स्थान का चयन कर लिया गया है। सूत्रों के अनुसार यह तहसील कार्यालय सेक्टर-19 स्थित पर्यावास भवन में शुरू किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं और प्रशासनिक स्तर पर जरूरी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।
तहसील दफ्तर खुलने के बाद नया रायपुर और आसपास के 39 गांवों के ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अब तक इन क्षेत्रों के लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए रायपुर और जिले के अन्य तहसील कार्यालयों तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे समय और धन दोनों का नुकसान होता था।
नवा रायपुर (अटल नगर) को पहले ही स्वतंत्र तहसील का दर्जा दिया जा चुका है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा दिसंबर 2025 में इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई थी। यह कदम जिले में प्रशासनिक ढांचे के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नई तहसील में 6 राजस्व निरीक्षक मंडल शामिल किए गए हैं, जिनमें पलौद, मंदिर हसौद, केंद्री, तोरला, सेरीखेरी, रायपुर-18 और कांदुल क्षेत्र आते हैं। इसके साथ ही 20 पटवारी हल्कों को भी इसमें शामिल किया गया है, जिनमें विभिन्न गांव और क्षेत्रीय हल्के जैसे पलौद 20, 21, 23, 24, 25, 26, मंदिर हसौद 15 और 22, केंद्री 13 से 19, तोरला 01 और 02, सेरीखेरी 16, 39, 40, रायपुर-18 और कांदुल 51 प्रमुख हैं।

