देश की राजधानी दिल्ली में लाल किला के पास हुए भीषण बम धमाके ने पूरे देश को हिला दिया है। इस दर्दनाक घटना में जहां आम लोगों के बीच दहशत का माहौल है, वहीं साउथ सिनेमा के सितारे भी सदमे में हैं। नागार्जुन और अल्लू अर्जुन जैसे सुपरस्टार्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इस आतंकी हमले की निंदा की और पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
10 नवंबर की रात लाल किले के पास हुआ धमाका
दरअसल, शनिवार देर रात दिल्ली के लाल किले के पास खड़ी आई-20 कार में जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं और अब तक 10 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है।
Stunned by the barbaric incident near the Red Fort. My heart goes out to the victims and their loved ones during this painful time🙏
— Nagarjuna Akkineni (@iamnagarjuna) November 11, 2025
अल्लू अर्जुन और नागार्जुन ने जताया शोक
‘पुष्पा’ फेम अल्लू अर्जुन ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा, “दिल्ली के लाल किले के पास हुई दुखद घटना से बहुत दुखी हूं। मेरी प्रार्थनाएं उन सभी के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया। उम्मीद है कि जल्द ही शांति बहाल होगी।”
वहीं, नागार्जुन अक्किनेनी ने इस घटना को ‘मानवता के खिलाफ बर्बर अपराध’ बताया। उन्होंने कहा, “निर्दोष लोगों को निशाना बनाना सबसे अमानवीय काम है। ऐसी घटनाओं की सख्त निंदा होनी चाहिए।
500 से ज्यादा अधिकारी जांच में जुटे
इस दिल्ली ब्लास्ट की जांच के लिए केंद्र और राज्य की जांच एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। 500 से ज्यादा पुलिस अधिकारी, एनएसजी, एनआईए और आईबी के सदस्य जांच में शामिल किए गए हैं। राजधानी में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और सभी संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।