छुरा। गरियाबंद जिले के छुरा विकासखंड के वनांचल क्षेत्र स्थित बीजापाल गांव में निर्माणाधीन पुल पर कार्य कर रहे 14 मजदूर अचानक बगनई नदी के तेज बहाव में फंस गए। लगातार बारिश से नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे मजदूरों को अपनी जान बचाने के लिए नदी किनारे मौजूद एक पेड़ का सहारा लेना पड़ा। सभी श्रमिकों ने पूरी रात वहीं गुजारी।
सुबह शुरू हुआ रेस्क्यू, सभी मजदूर सुरक्षित बाहर निकाले गए
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया, लेकिन रात में नदी का तेज बहाव होने के कारण बचाव अभियान शुरू करना संभव नहीं था। रविवार सुबह गरियाबंद और महासमुंद जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से विशेष रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद सभी 14 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बचाए गए श्रमिकों में 10 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों ने संभाली कमान
रेस्क्यू अभियान के दौरान गरियाबंद कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, तहसीलदार, राजस्व विभाग के अधिकारी, थाना प्रभारी और ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूरे अभियान की लगातार निगरानी करते हुए बचाव दल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे सभी मजदूरों को सुरक्षित निकालने में सफलता मिली।
प्रशासन ने जारी की सावधानी की अपील
सभी मजदूरों के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों और निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि बारिश के दौरान जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, इसलिए किसी भी तरह की लापरवाही से बचें और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें।

