भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 12 घंटों के लिए देश के 18 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 26 जुलाई को उत्तर, पूर्व और मध्य भारत के कई हिस्सों में मौसम अचानक खराब हो सकता है। कुछ इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि चुनिंदा क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
इन 18 राज्यों के लिए जारी हुआ अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश और असम में भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना है। कई स्थानों पर वज्रपात की आशंका भी जताई गई है, इसलिए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में दिनभर बदल सकता है मौसम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पूरे दिन बादल छाए रहने के साथ कई इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में चेतावनी
उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ, आगरा, मथुरा, बहराइच, सहारनपुर, बाराबंकी, हरदोई, रायबरेली, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर और झांसी समेत अनेक जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार में पटना, गया, रोहतास, नवादा, अरवल, जमुई, लखीसराय, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, बक्सर और भोजपुर सहित कई जिलों में तेज बारिश के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का भी खतरा
उत्तराखंड के नैनीताल, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और अल्मोड़ा में भारी बारिश के साथ भूस्खलन की आशंका जताई गई है। इन क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और सोलन में भी भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है। लगातार हो रही वर्षा के कारण संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग की जरूरी सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की अपील की है। अनावश्यक यात्रा से बचने, मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह भी दी गई है। बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।

