पुणे: महाराष्ट्र के पुणे जिले में आषाढ़ी वारी यात्रा के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। पंढरपुर जा रहे वारकरियों के एक समूह को सासवड-जेजुरी मार्ग पर पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में तीन महिला श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं।पुणे ग्रामीण पुलिस के अनुसार, हादसा बेलसर टोल नाके से जेजुरी की ओर करीब 500 मीटर की दूरी पर होटल शिवदीप लॉजिंग के पास हुआ।
दो दिंडी के बीच हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना में शामिल ट्रक नांदेड़ जिले के लोहा तालुका की रंगनाथ महाराज पोखर्बीसीकर दिंडी के साथ चल रहा था। इसी दौरान ट्रक ने सांगली जिले के कसबे डिग्रज की दिंडी में पैदल जा रही सात महिला वारकरियों को पीछे से टक्कर मार दी।टक्कर इतनी तेज थी कि तीन महिलाओं ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल चार महिलाओं को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
70 वर्षीय ट्रक चालक हिरासत में
पुणे ग्रामीण पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है। चालक की उम्र करीब 70 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा चालक को नींद आने के कारण हुआ या फिर वाहन में किसी तकनीकी खराबी की वजह से दुर्घटना हुई।
आषाढ़ी वारी यात्रा में पसरा शोक
महाराष्ट्र की प्रसिद्ध आषाढ़ी वारी यात्रा वारकरी परंपरा का एक महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है। इस यात्रा में लाखों श्रद्धालु पैदल चलकर पंढरपुर पहुंचते हैं और भगवान विट्ठल के दर्शन करते हैं।यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के छोटे समूहों को दिंडी कहा जाता है। सदियों पुरानी इस धार्मिक यात्रा के दौरान हुए हादसे से वारकरी समुदाय और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

