कवर्धा। कबीरधाम जिले में खेतों में लगाए गए अवैध विद्युत झटका तार ने एक ही परिवार की खुशियां छीन लीं। सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम बीरनपुर कला में खेत में काम करने पहुंचे पिता और पुत्र की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
धान की बुआई के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय किसान गोकरण पटेल अपने 22 वर्षीय बेटे परमेश पटेल के साथ गुरुवार सुबह धान की बुआई के लिए खेत पहुंचे थे। खेत की मेड़ पर जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए अवैध रूप से विद्युत झटका तार लगाया गया था। लगातार बारिश के कारण खेत में पानी भरा होने से करंट का खतरा और अधिक बढ़ गया था।
बेटे को बचाने पहुंचे पिता भी बने शिकार
काम के दौरान अचानक परमेश पटेल करंट की चपेट में आ गए। बेटे को तड़पता देख पिता गोकरण पटेल उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए। जब तक आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचते, तब तक दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
गांव में शोक, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
एक साथ पिता और बेटे की मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने इस तरह की अवैध इलेक्ट्रिक फेंसिंग पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति न हो।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही खेत में लगाए गए अवैध विद्युत झटका तार को लेकर भी जांच की जा रही है।

