ओडिशा। ओडिशा के मलकानगिरी जिले से सर्पदंश का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। आमतौर पर सांप के काटते ही लोग घबरा जाते हैं और किसी तरह अस्पताल पहुंचने की कोशिश करते हैं, लेकिन यहां एक महिला ने न सिर्फ धैर्य बनाए रखा, बल्कि अपनी सूझबूझ और साहस का ऐसा परिचय दिया कि डॉक्टर भी उसकी हिम्मत की तारीफ करने लगे। महिला ने जिस जहरीले सांप ने उसे डसा था, उसे प्लास्टिक के डिब्बे में बंद किया और उसी के साथ इलाज के लिए अस्पताल पहुंच गई।
यह घटना मलकानगिरी जिले के माथिली ब्लॉक के कुरुमपाली गांव की है। गांव की रहने वाली मनिमा नायक रोज की तरह शाम के समय अपने घर के कामकाज में व्यस्त थीं। इसी दौरान अचानक एक जहरीला सांप उनके पैर पर चढ़ गया और उन्हें डस लिया। सांप के काटते ही उनके पैर में तेज दर्द होने लगा, लेकिन उन्होंने घबराने के बजाय साहस और समझदारी का परिचय दिया। उन्होंने तुरंत एक खाली प्लास्टिक का डिब्बा उठाया और सावधानीपूर्वक सांप को उसमें बंद कर दिया, ताकि उसकी पहचान सुरक्षित रूप से की जा सके।
कुछ ही देर में परिजनों को घटना की जानकारी मिली। महिला की तबीयत बिगड़ने लगी तो उन्होंने तुरंत 108 एम्बुलेंस को फोन किया। एम्बुलेंस के पहुंचते ही मनिमा नायक को उप-जिला अस्पताल ले जाया गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि महिला के साथ वही प्लास्टिक का डिब्बा भी अस्पताल ले जाया गया, जिसमें जिंदा सांप बंद था। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी यह देखकर हैरान रह गए कि मरीज अपने साथ सांप भी लेकर आई है।

