नई दिल्ली: देश के कुछ राज्यों में कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने के बाद अब बिहार में भी इसकी एंट्री हो गई है। भागलपुर जिले में कोरोना के दो नए मामले मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है।जिले में 65 वर्षीय बुजुर्ग और उनकी 35 वर्षीय बेटी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। दोनों मरीजों को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज और अस्पताल यानी जेएलएनएमसीएच में भर्ती कर इलाज और निगरानी में रखा गया है।
लक्षण दिखने के बाद जांच में हुई संक्रमण की पुष्टि
अस्पताल अधीक्षक एचपी दुबे के अनुसार, बुजुर्ग की तबीयत 15 जुलाई को खराब हुई थी। शुरुआत में उनका इलाज एक निजी क्लिनिक में कराया गया, लेकिन कोरोना जैसे लक्षण नजर आने के बाद उन्हें जेएलएनएमसीएच रेफर किया गया।अस्पताल में भर्ती होने के बाद आरटी पीसीआर जांच कराई गई, जिसमें कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद उनके संपर्क में आए लोगों की जांच शुरू की गई, जिसमें उनकी बेटी भी संक्रमित मिलीं।
मरीजों को निगरानी में रखा गया, प्रोटोकॉल लागू
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, दोनों संक्रमित मरीजों को विशेष निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए है और इलाज कर रही है।अस्पताल प्रबंधन ने कोरोना प्रोटोकॉल लागू कर दिया है। साथ ही जिला कार्यक्रम प्रबंधक को मरीजों के संपर्क में आए लोगों की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने कहा, घबराने की जरूरत नहीं
भागलपुर जिला प्रशासन ने भी दोनों कोरोना संक्रमित मामलों की पुष्टि की है। जेएलएनएमसीएच के मेडिसिन विभाग के प्रमुख राजकमल चौधरी ने बताया कि दोनों मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है।प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि समय पर जांच, उचित इलाज और जरूरी सावधानियों के जरिए संक्रमण के खतरे को नियंत्रित किया जा सकता है।

