मध्य प्रदेश : राजधानी भोपाल के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले वीवीआईपी चार इमली इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। पूर्व मंत्री और पाटन से भाजपा विधायक अजय विश्नोई के सरकारी आवास में दिनदहाड़े चोरी हो गई। सबसे हैरानी की बात यह है कि यह बंगला स्पेशल डीजी के सरकारी आवास के ठीक सामने स्थित है, फिर भी बदमाश वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए।
सूने बंगले में घुसकर तोड़े ताले
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब डेढ़ बजे चोर विधायक अजय विश्नोई के सरकारी आवास डी-11/03 में दाखिल हुए। उन्होंने मुख्य दरवाजों के ताले तोड़ दिए और जहां ताले नहीं खुले, वहां दरवाजों के कुंडे उखाड़ दिए। इसके बाद बदमाश बंगले में रखी पानी की टोटियां और अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
महीने में कुछ दिन ही रहते हैं विधायक
अजय विश्नोई का अधिकांश समय जबलपुर में बीतता है और वे महीने में केवल तीन-चार दिन ही भोपाल स्थित सरकारी आवास पर आते हैं। बाकी समय बंगला खाली रहता है। रविवार को जब वह यहां पहुंचे तो दरवाजों के टूटे ताले देखकर चोरी की घटना का पता चला।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक ने विधानसभा प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद भोपाल के हबीबगंज थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
चार इमली इलाका मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ अधिकारियों के सरकारी आवासों के कारण प्रदेश का सबसे संवेदनशील वीवीआईपी क्षेत्र माना जाता है। ऐसे इलाके में दिनदहाड़े चोरी की घटना और सुरक्षाकर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। अब पुलिस आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

