रायपुर/नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र (डिप्रेशन) ओडिशा के उत्तरी तट से टकराने के बाद अब धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार इस सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड सहित कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है। अगले 24 घंटों तक इन क्षेत्रों में मौसम का असर बना रहने की संभावना जताई गई है।
ओडिशा तट से टकराया डिप्रेशन
आईएमडी के अनुसार रविवार दोपहर डिप्रेशन बालासोर के पास उत्तर ओडिशा तट से टकराया। इसके बाद शाम को जारी मौसम बुलेटिन में बताया गया कि यह सिस्टम दक्षिणी झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ते हुए अगले 24 घंटे में कमजोर पड़ सकता है। हालांकि इसके असर से कई इलाकों में तेज बारिश जारी रहने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने ओडिशा के कुछ हिस्सों में अत्यधिक बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी कई स्थानों पर भारी वर्षा, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
मुंबई में स्कूल-कॉलेज बंद
मानसून की सक्रियता का असर महाराष्ट्र में भी देखने को मिल रहा है। मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने 6 जुलाई के लिए सभी स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित किया है। मौसम विभाग ने यहां भी भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।
देश के बड़े हिस्से में सक्रिय है मानसून
आईएमडी के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के अधिकांश हिस्सों में सक्रिय बना हुआ है। हाल के दिनों में मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा तक आगे बढ़ चुका है। पूर्वी और मध्य भारत में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है।
जुलाई में सामान्य से कम बारिश का अनुमान
मौसम विभाग का कहना है कि पूरे जुलाई महीने के दौरान देशभर में औसत से कुछ कम बारिश दर्ज होने की संभावना है। हालांकि पूर्वी और मध्य भारत के कुछ इलाकों में मौजूदा डिप्रेशन के प्रभाव से सामान्य से अधिक वर्षा हो सकती है, जिससे कई स्थानों पर जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका भी बनी हुई है।

