गरियाबंद : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सड़क निर्माण की मांग को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। अपने ही गांव में सीसी सड़क नहीं बनने से नाराज भाजयुमो जिला अध्यक्ष हेमंत नागेश सैकड़ों ग्रामीणों के साथ नेशनल हाईवे 130-सी पर धरने पर बैठ गए और चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष भी शामिल हुए।
दो साल से सड़क की मांग, बारिश में गांव का संपर्क हो जाता है प्रभावित
यह मामला देवभोग थाना क्षेत्र के मुड़ागांव के आश्रित ग्राम करलाकोट का है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो वर्षों से सीसी सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। बारिश के मौसम में पूरा रास्ता कीचड़ से भर जाता है, जिससे गांव तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस भी गांव तक नहीं पहुंच पाती। वहीं स्कूली बच्चों को भी रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
भाजपा नेता बोले- समस्या सुलझती तो आंदोलन की नौबत नहीं आती
भाजयुमो जिला अध्यक्ष हेमंत नागेश ने आरोप लगाया कि प्रशासन ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि जितनी तेजी से प्रशासन प्रदर्शन खत्म कराने पहुंचा, यदि उतनी ही तत्परता सड़क निर्माण में दिखाई जाती तो ग्रामीणों को सड़क पर उतरने की जरूरत नहीं पड़ती।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लंबे समय से आवेदन देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।
पुलिस ने एक घंटे में खाली कराया हाईवे
हाईवे जाम की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पहले से पर्याप्त पुलिस बल तैनात होने के कारण प्रदर्शनकारियों को ज्यादा देर तक सड़क पर नहीं रुकने दिया गया। करीब एक घंटे के भीतर पुलिस ने समझाइश देकर हाईवे को खाली करा दिया और यातायात सामान्य कराया।
कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष भी गांव पहुंचे और ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि जब सत्तारूढ़ दल के जिला पदाधिकारी के गांव की मूलभूत समस्याएं तक दूर नहीं हो पा रही हैं, तो आम लोगों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने सरकार से गांव में जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की।

