White Shoes Cleaning Tips: सफेद जूते हर तरह के आउटफिट के साथ शानदार लुक देते हैं। यही वजह है कि आजकल व्हाइट शूज फैशन का अहम हिस्सा बन चुके हैं। हालांकि इनकी सबसे बड़ी परेशानी यह है कि धूल, मिट्टी और दाग इन पर जल्दी नजर आने लगते हैं। अगर समय पर सफाई न की जाए तो सफेद जूते पीले या काले पड़ने लगते हैं। अच्छी बात यह है कि कुछ आसान घरेलू उपायों से इन्हें फिर से चमकदार बनाया जा सकता है।
कैनवस और कपड़े के जूतों की ऐसे करें सफाई
सबसे पहले जूतों के फीते और इनसोल निकाल लें, ताकि हर हिस्से की अच्छी तरह सफाई हो सके।इसके बाद सूखे कपड़े से जूतों पर जमी धूल और मिट्टी साफ करें। फिर पुराने टूथब्रश की मदद से कोनों, किनारों और सिलाई के आसपास जमा गंदगी को धीरे-धीरे हटाएं। ब्रश को ज्यादा जोर से न रगड़ें, ताकि कपड़ा खराब न हो।
साबुन वाले घोल से लौटेगी चमक
एक कप गुनगुने पानी में हल्के डिश सोप या लॉन्ड्री डिटर्जेंट की कुछ बूंदें मिलाएं। इस घोल में टूथब्रश डुबोकर जूतों को गोलाकार तरीके से धीरे-धीरे साफ करें।जहां ज्यादा दाग हों, वहां थोड़ा अधिक समय देकर सफाई करें। इसके बाद साफ और हल्के गीले कपड़े से साबुन अच्छी तरह पोंछ दें।
धूप में नहीं, खुली हवा में सुखाएं
सफाई के बाद जूतों को तेज धूप में रखने से बचें। इन्हें खुली और हवादार जगह पर सूखने दें। इससे जूतों का रंग और आकार दोनों सुरक्षित रहते हैं।
बेकिंग सोडा से हटाएं जिद्दी दाग
अगर जूते ज्यादा गंदे हो गए हैं, तो बेकिंग सोडा का इस्तेमाल किया जा सकता है। बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर पेस्ट तैयार करें और इसे दाग वाली जगह पर लगाएं। कुछ देर बाद नरम ब्रश से हल्के हाथों से साफ करें। इससे जिद्दी दाग हल्के होने में मदद मिल सकती है।
सफेद जूतों को हमेशा साफ रखने के आसान टिप्स
- जूते पहनने के बाद हल्की धूल भी तुरंत साफ कर दें।
- गंदगी को लंबे समय तक जमा न होने दें।
- जूतों को हमेशा सूखी और साफ जगह पर रखें।
- गीले जूतों को पूरी तरह सुखाने के बाद ही स्टोर करें।
- बारिश और कीचड़ वाले रास्तों पर सफेद जूते पहनने से बचें।
- समय-समय पर फीते भी धोते रहें, इससे पूरे जूते की चमक बनी रहती है।
नियमित देखभाल से बढ़ेगी जूतों की उम्र
सफेद जूतों की सफाई मुश्किल जरूर लग सकती है, लेकिन सही तरीका अपनाने पर इन्हें लंबे समय तक नया जैसा बनाए रखा जा सकता है। नियमित सफाई और थोड़ी सी सावधानी आपके पसंदीदा व्हाइट शूज की चमक बरकरार रखेगी।

