Shivpuri: शिवपुरी में वन स्टॉप सेंटर के बाहर एक युवक की चप्पलों से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला एक पुराने पॉक्सो प्रकरण से जुड़ा है, जिसमें न्यायालय में पेशी के दौरान युवक और युवती ने विवाह करने की इच्छा जताई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और वन स्टॉप सेंटर के बाहर हंगामा खड़ा हो गया।
फर्नीचर का काम करने आया था युवक
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर निवासी अब्दुल रहमान फर्नीचर का काम करने कोलारस आया था। इसी दौरान किराए के मकान में रहते हुए उसकी एक नाबालिग लड़की से पहचान हुई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने उसके खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया था। बाद में उसे जमानत मिल गई थी।
बालिग होने के बाद फिर साथ आए, कोर्ट में जताई शादी की इच्छा
बताया जा रहा है कि युवती के बालिग होने के बाद दोनों दोबारा संपर्क में आए और साथ रहने लगे। सोमवार को पुराने पॉक्सो मामले की सुनवाई के लिए दोनों शिवपुरी कोर्ट पहुंचे, जहां उन्होंने विवाह करने की इच्छा जताई। इसके बाद कोर्ट परिसर के बाहर शादी से जुड़े दस्तावेज तैयार कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।
वन स्टॉप सेंटर में हुई काउंसलिंग, नहीं निकला समाधान
मामले की जानकारी मिलने पर कुछ हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। युवती के परिजनों को भी बुलाया गया और उसे समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वह अपने फैसले पर अड़ी रही। इसके बाद दोनों को वन स्टॉप सेंटर ले जाया गया, जहां काउंसलिंग भी हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी।
बाहर निकलते ही हुआ हंगामा, मां ने चप्पलों से पीटा
वन स्टॉप सेंटर से बाहर आते ही दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान युवती की मां ने युवक की चप्पलों से पिटाई कर दी। सड़क पर कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
पुलिस की नई कार्रवाई का इंतजार
घटना के बाद युवती अपने परिजनों के साथ चली गई, जबकि युवक अपने पिता के साथ मुजफ्फरनगर लौट गया। फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से किसी नई कानूनी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जांच और परिस्थितियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

