दिल्ली। सरकारी अस्पताल में डॉक्टर के रूप में करियर बनाने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। दीपचंद बंधु अस्पताल (DCBH) ने विभिन्न विभागों में सीनियर रेजिडेंट के 10 पदों पर एड-हॉक/टेन्यूर आधार पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के जरिए किया जाएगा।
इन विभागों में निकली हैं रिक्तियां
अस्पताल द्वारा जारी भर्ती अधिसूचना के अनुसार कुल 10 पदों का विवरण इस प्रकार है।
- ऑर्थोपेडिक्स – 1 पद
- रेडियोलॉजी – 1 पद
- पैथोलॉजी – 1 पद
- प्रसूति एवं स्त्री रोग (ऑब्स/गाइनी) – 6 पद
- एनेस्थीसिया – 1 पद
इतनी मिलेगी सैलरी
चयनित उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के तहत पे मैट्रिक्स लेवल-11 के अनुसार प्रति माह 67,700 रुपये से 2,08,700 रुपये तक वेतन मिलेगा। इसके साथ नियमानुसार अन्य भत्तों और सुविधाओं का लाभ भी दिया जाएगा।
17 अगस्त को होगा इंटरव्यू
भर्ती के लिए वॉक-इन इंटरव्यू 17 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। इंटरव्यू का स्थान कमरा नंबर 3002, तीसरी मंजिल, एस्टैब्लिशमेंट ब्रांच, दीपचंद बंधु अस्पताल रहेगा।
उम्मीदवारों का पंजीकरण उसी दिन सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक किया जाएगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर पहुंचने और सभी आवश्यक मूल दस्तावेज, उनकी स्वप्रमाणित फोटोकॉपी तथा हालिया पासपोर्ट आकार की फोटो साथ लाने की सलाह दी गई है।
योग्यता और अनुभव
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास संबंधित विषय में किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से एमडी, एमएस, डीएनबी या डिप्लोमा जैसी पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री होनी चाहिए।
इसके अलावा अभ्यर्थी ने किसी मान्यता प्राप्त संस्थान में नियमित या एड-हॉक आधार पर तीन वर्ष की सीनियर रेजिडेंसी पूरी नहीं की होनी चाहिए।
आयु सीमा
उम्मीदवार की अधिकतम आयु 45 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना इंटरव्यू की तिथि के आधार पर होगी। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
नियुक्ति की अवधि
यह नियुक्ति एड-हॉक/टेन्यूर आधार पर की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति प्रारंभिक रूप से 89 दिनों से लेकर अधिकतम तीन वर्ष तक या फिर मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज (MAMC) के माध्यम से नियमित भर्ती होने तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगी।

