छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में रहने वाली कमार जनजाति की महिला सोनिया बाई के जीवन का 1 नवंबर हमेशा के लिए यादगार बन गया। राजधानी रायपुर में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें उनके नए पक्के घर की चाबी सौंपी। जैसे ही पीएम मोदी ने चाबी उनके हाथों में दी, सोनिया बाई की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। वर्षों से मिट्टी और फूस के घर में रह रही सोनिया बाई का अब पक्का घर पाने का सपना सच हो गया।
सोनिया बाई ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पहले बरसात के समय घर की छत से पानी टपकता था और दीवारें भीग जाती थीं, लेकिन अब प्रधानमंत्री के हाथों चाबी मिलने पर उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का अहसास हो रहा है। उनके पति ढुल्लू कमार ने भी बताया कि पहले झोपड़ी में रहना बहुत कठिन था, लेकिन अब पक्का घर उनके परिवार के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया।
यह आवास उन्हें केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘पीएम जनमन योजना’ के तहत मिला है, जिसका उद्देश्य जनजातीय समुदायों को मुख्यधारा से जोड़ना है। राज्योत्सव के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदेश के 3 लाख 51 हजार लाभार्थियों को गृह प्रवेश कराया। वहीं, राज्य सरकार भी पीएम आवास योजना को लेकर तेजी से काम कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि हर पात्र व्यक्ति को जल्द से जल्द अपना घर मिल सके।