SIM Card Ownership Rules: अगर आपके मोबाइल में ऐसा SIM कार्ड चल रहा है जो किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है, तो आपको सावधान रहने की जरूरत है। दूरसंचार विभाग (DoT) ने टेलीकॉम आइडेंटिफायर से जुड़े मामलों को लेकर एडवाइजरी जारी की है। विभाग के अनुसार, धोखाधड़ी, छल या किसी दूसरे व्यक्ति की पहचान का इस्तेमाल करके SIM या अन्य टेलीकॉम आइडेंटिफिकेशन हासिल करना कानून के तहत अपराध हो सकता है।मोबाइल नंबर आज सिर्फ कॉलिंग तक सीमित नहीं हैं। बैंकिंग, UPI, OTP और कई डिजिटल सेवाएं मोबाइल नंबर से जुड़ी होती हैं। ऐसे में किसी दूसरे के नाम पर जारी नंबर का इस्तेमाल करना आगे चलकर कानूनी और सुरक्षा से जुड़ी परेशानी खड़ी कर सकता है।
दूसरे की पहचान से SIM लेना पड़ सकता है भारी
टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट, 2023 की धारा 42(3)(e) के तहत धोखाधड़ी, छल या प्रतिरूपण के जरिए Subscriber Identity Module (SIM) या अन्य टेलीकॉम आइडेंटिफिकेशन हासिल करना अपराध है। DoT की एडवाइजरी के मुताबिक, धारा 42(3) के तहत ऐसे अपराध में 3 साल तक की जेल, 50 लाख रुपये तक का जुर्माना या दोनों हो सकते हैं।इसके अलावा, टेलीकॉम आइडेंटिफायर से छेड़छाड़ को लेकर भी कानून में प्रावधान हैं। DoT ने अपनी एडवाइजरी में CLI, IP एड्रेस और IMEI जैसे टेलीकॉम आइडेंटिफायर से छेड़छाड़ का भी उल्लेख किया है।
अपने नाम पर कितने SIM हैं, ऐसे करें चेक
दूरसंचार विभाग की Sanchar Saathi सेवा के जरिए मोबाइल यूजर अपने नाम पर जारी मोबाइल कनेक्शनों की जानकारी देख सकते हैं। पोर्टल पर यह भी सुविधा है कि अगर कोई नंबर आपके नाम पर दर्ज है, लेकिन उसका इस्तेमाल आप नहीं करते या आपने वह कनेक्शन नहीं लिया है, तो उसकी शिकायत की जा सकती है।इसलिए समय-समय पर अपने नाम पर जारी मोबाइल कनेक्शनों की जांच करना उपयोगी है। किसी अनजान नंबर की जानकारी सामने आने पर उसे रिपोर्ट करने की सुविधा भी Sanchar Saathi पर उपलब्ध है।
गलत SIM दिखे तो तुरंत करें रिपोर्ट
अगर जांच के दौरान आपके नाम पर ऐसा मोबाइल नंबर दिखाई देता है जिसे आपने जारी नहीं कराया है, तो उसे नजरअंदाज न करें। Sanchar Saathi की मदद से ऐसे कनेक्शन को रिपोर्ट किया जा सकता है। विभाग की सेवा का उद्देश्य ही यूजर्स को उनके नाम पर जारी कनेक्शनों की जानकारी देना और फर्जी तरीके से दर्ज नंबरों की शिकायत का विकल्प उपलब्ध कराना है।इसलिए अगर आप किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर जारी SIM इस्तेमाल कर रहे हैं या आपके नाम पर कोई अनजान मोबाइल नंबर दर्ज है, तो उसकी स्थिति की जांच करना बेहतर है।

