मध्य प्रदेश : आज अपना 71वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के नागरिकों को बधाई दी है। दोनों ने प्रदेश की समृद्ध विरासत, सांस्कृतिक पहचान और विकास की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
CM मोहन यादव बोले- विरासत का गौरव और विकास की नई उड़ान प्रदेश की पहचान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश जारी कर प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की पहचान अब उसकी गौरवशाली विरासत के साथ विकास की नई संभावनाओं से भी बन रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बढ़ते औद्योगिक निवेश, निवेश को प्रोत्साहन देने वाली पहल, कृषि विकास दर में वृद्धि और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार का जिक्र किया। उनके मुताबिक, इन क्षेत्रों में हो रही प्रगति से राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है और विकास को नई गति मिल रही है।
PM मोदी ने प्रदेश की संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता को सराहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस पर नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में प्रदेश को गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर भूमि बताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य के विश्वप्रसिद्ध ऐतिहासिक और धरोहर स्थल इसकी पहचान को खास बनाते है। उन्होंने प्रदेश के नागरिकों की प्रतिभा और उद्यमशीलता की सराहना करते हुए कृषि, उद्योग, पर्यटन, शिक्षा और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में उनके योगदान का उल्लेख किया।
आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में प्रदेश की भूमिका
प्रधानमंत्री के संदेश के मुताबिक, मध्य प्रदेश विभिन्न क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। नवाचार से लेकर आधारभूत सुविधाओं के विकास तक राज्य की प्रगति जारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का सर्वांगीण विकास आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश में उत्सव और शुभकामना संदेशों का सिलसिला जारी है। यह दिन मध्य प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक विविधता और विकास यात्रा को याद करने का अवसर भी है।

