मध्य प्रदेश : अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। धार जिले में ऑपरेशन प्रहार के तहत ड्रोन की मदद से दुर्गम और पहाड़ी इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, पिछले एक महीने में जिले में कुल 172 क्विंटल गांजा जब्त किया गया है। वहीं, जबलपुर में भी पुलिस ने हाईवे पर कार्रवाई करते हुए पार्सल कंटेनर से 871 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है।
धार में ड्रोन सर्विलांस से अवैध खेती की तलाश
धार के एडिशनल एसपी विजय डावर ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले में ऑपरेशन प्रहार चलाया जा रहा है। इसके तहत ड्रोन सर्विलांस के जरिए ऐसे दुर्गम और पहाड़ी इलाकों पर नजर रखी जा रही है, जहां अवैध मादक पदार्थों की खेती छिपाकर किए जाने की आशंका है। पुलिस की टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
मनावर में 67 क्विंटल गांजा जब्त
अभियान के दौरान मनावर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 67 क्विंटल अवैध गांजा जब्त किया है। बताया गया कि इसकी खेती कपास और मक्के की फसल के बीच छिपाकर की जा रही थी। इसके अलावा देहरी, थानाबाग, गंधवानी और मांडू क्षेत्र में भी पुलिस की कार्रवाई जारी है।
एक महीने में 25 केस, 15 आरोपी गिरफ्तार
एडिशनल एसपी के अनुसार, पिछले एक महीने के दौरान धार जिले में मादक पदार्थों से जुड़े 25 प्रकरण दर्ज किए गए है। इन मामलों में 14 से 15 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने कुल 172 क्विंटल गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 45 से 50 करोड़ रुपये बताई गई है।पुलिस इस अभियान को प्रदेश में अवैध गांजा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बता रही है। अधिकारियों के मुताबिक, ऑपरेशन प्रहार के तहत तलाशी और जब्ती की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
जबलपुर में पार्सल कंटेनर से 871 किलो से ज्यादा गांजा मिला
धार के साथ जबलपुर में भी पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। क्राइम ब्रांच और गोसलपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मुस्कुरा गांव के पास हाईवे पर घेराबंदी कर एक पार्सल कंटेनर पकड़ा। तलाशी के दौरान कंटेनर से 871 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ।जब्त गांजे की कीमत करीब 4 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ट्रक मालिक ही कर रहा था गांजे की सप्लाई
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कंटेनर का चालक ही उसका मालिक भी है। आरोप है कि वह अलग-अलग शहरों में गांजे की सप्लाई करने के बाद जबलपुर के रास्ते से गुजर रहा था। सूचना मिलने पर क्राइम ब्रांच, नारकोटिक्स टीम और गोसलपुर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।दोनों जिलों में हुई इन कार्रवाइयों के बाद पुलिस अब गांजे की खेती और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगो की जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर तस्करी के नेटवर्क की आगे की कड़ियां खंगाली जा रही है।