नई दिल्ली। देश में पिछले 24 घंटे के अंदर अलग-अलग मौसम देखने को मिला। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात में कई जगह पारा 40 से 46°C के बीच रहा। हालांकि, आंधी और हल्की बारिश से कई इलाकों में तापमान 2 से 3°C तक घट भी गया।
उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश से 13 लोगों की मौत हो गई। सुल्तानपुर में सबसे ज्यादा 7 मौतें हुईं। वहीं, बिहार में भी 5 लोगों की मौत हुई है। पटना में आंधी से दीवार गरिने से 2 लोगों की मौत हो गई। कई जिलों में पेड़ गिर गए। उत्तराखंड के मसूरी में गुरुवार को ओले गिरे।
दिल्ली में गुरुवार को दोपहर बाद ओले गिरे। वहीं राजस्थान के कई जिलों में लगातार दूसरे दिन बारिश जारी है। कोटा में एक मकान पर बिजली गिरी। इधर उत्तराखंड के देहरादून और मसूरी में भी बारिश के साथ ओले गिरे हैं। यूपी का बांदा लगातार तीसरे दिन 45.8°C के साथ सबसे गर्म रहा। राजस्थान-मध्य प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तापमान 40°C से ज्यादा रहा। एमपी में भोपाल और सीधी सबसे ज्यादा गर्म रहे। यहां पारा 43°C से ज्यादा रहा।
आने वाले दिनों में मौसम का हाल
पाकिस्तान से सटे राजस्थान में धूल भरी आंधी चलेगी। लू भी चलेगी। साथ ही आंधी बारिश का भी अलर्ट है।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, ओडिशा, बिहार, झारखंड, बंगाल, तेलंगाना, दक्षिण कर्नाटक में आंधी बारिश का यलो अलर्ट है।
सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल, नगालैंड, मणिपुर मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु और केरलम में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है।
देश के 7 राज्यों में बारिश
पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर के सभी 7 राज्यों में भी बारिश हुई। मिजोरम में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई जिलों में स्कूल दूसरे दिन भी बंद रहे। खराब मौसम के चलते केदारनाथ धाम, फाटा, सोनप्रयाग, सर्सी और गुप्तकाशी में हेलीकॉप्टर सेवाएं रोक दी गईं हैं।
मौसम विभाग ने बिहार, झारखंड, बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश में आंधी, बारिश और ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा रेड अलर्ट पर हैं।

