नई दिल्ली। अगर आप आपका PF अकाउंट है तो यह खबर आपके लिए है। अब आपको अपने पीएफ अकाउंट से पैसे निकालने के लिए ऑफिस के चक्कर काटने या लंबी कागजी कार्रवाई करने की जरूरत नहीं होगी।
आप अपने नजदीकी एटीएम (ATM) या यूपीआई (UPI) के जरिये पीएफ खाते से पैसा निकाल सकेंगे। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि सरकार एटीएम के जरिये पीएफ निकासी की सुविधा मई के आखिर तक शुरू कर सकती है।
सरकार की तरफ से यह कदम ईपीएफओ के डिजिटल स्ट्रक्चर को मॉर्डन बनाने और प्रोसेस को आसान करने की दिशा में बड़ा कदम है। ईपीएफओ (EPFO) की तरफ से अपने कामकाज और डिजिटल सिस्टम में पूरी तरह बदलाव करने के लिए एक साल पहले ‘EPFO 3.0’ को लॉन्च किया गया था।
EPFO 3.0 क्या है
नए सिस्टम का टारगेट पीएफ से जुड़े सभी प्रोसेस को ज्यादा यूजर-फ्रेंडली और ट्रांसपेरेंट बनाना है। उम्मीद है कि मिड 2026 तक ईपीएफओ (EPFO) 3.0 पूरी तरह से लागू कर दिया जाएगा। इसमें फंड ट्रांसफर, ऑटो-क्लेम सेटलमेंट और कर्मचारी की पसंद के बैंक अकाउंट में आसानी से पैसा भेजने की सुविधा शामिल है।
बिना देरी के फंड एक्सेस करने की सुविधा
एटीएम और यूपीआई के जरिये पैसा निकालने का ऑप्शन EPFO 3.0 का ही हिस्सा है. यह कस्टमर को बिना किसी देरी के फंड एक्सेस करने की आजादी देता है. जब यह सुविधा जल्द ही शुरू होने वाली है तो इसको लेकर सवाल यह है कि यह काम कैसे करेगी? रिपोर्ट के अनुसार ईपीएफओ (EPFO) अपने मेंबर के लिए एटीएम कार्ड जारी करने का प्लान कर रहा है। यह कार्ड सीधे आपके पीएफ अकाउंट से लिंक होगा।
ऐसे में सब्सक्राइबर किसी भी एटीएम पर जाकर नकदी निकाल सकेगा. इसके अलावा यूपीआई के जरिये भी पेमेंट और निकासी को आसान बनाया जाएगा। किसी भी तरह की इमरजेंसी में इससे आपको राहत मिल सकेगी।
एटीएम से पैसा निकालने के लिए क्या जरूरी?
एटीएम और यूपीआई के जरिये पीएफ अकाउंट से भले ही पैसा निकालना आसान हो जाए। लेकिन ईपीएफओ की तरफ से इसके लिए कुछ सीमाएं तय की जा सकती हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि यूपीआई या एटीएम के जरिये निकासी की अधिकतम लिमिट आपके कुल पीएफ बैलेंस का 50 प्रतिशत तक रह सकती है। इसके अलावा इस सुविधा का फायदा उठाने के लिए सब्सक्राइबर का यूएएन (UAN) एक्टिव होना जरूरी है। इसके अलावा यूएएन का केवाईसी (KYC) डॉक्यूमेंट आधार, पैन, बैंक अकाउंट और आईएफएससी कोड के साथ लिंक होना जरूरी है।

