भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने अपनी टिकट बुकिंग वेबसाइट का नया बीटा वर्जन जारी कर दिया है। करीब दो दशक बाद वेबसाइट में बड़ा बदलाव किया गया है। फिलहाल यात्रियों के लिए इसे परीक्षण के तौर पर उपलब्ध कराया गया है, ताकि वे इसका इस्तेमाल कर अपने सुझाव दे सकें। फीडबैक के आधार पर अंतिम वर्जन अगले कुछ सप्ताह में लॉन्च किया जाएगा।
होमपेज से मिलेगा नई वेबसाइट का एक्सेस
रेलवे मंत्रालय के अनुसार, नई वेबसाइट तक पहुंचने के लिए मौजूदा आईआरसीटीसी वेबसाइट के होमपेज पर विशेष लिंक दिया गया है। इस लिंक के जरिए यात्री नए इंटरफेस का उपयोग कर सकते हैं। इसका उद्देश्य टिकट बुकिंग प्रक्रिया को अधिक सरल, तेज और उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाना है।
छात्रों के सुझावों से तैयार हुआ नया डिजाइन
नई वेबसाइट के डिजाइन को तैयार करने में मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी) के छात्रों के सुझावों को भी शामिल किया गया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ चर्चा के दौरान छात्रों ने वेबसाइट को अधिक सहज और आसान बनाने के कई सुझाव दिए थे, जिन्हें इस नए संस्करण में लागू किया गया है।
बुकिंग प्रक्रिया में किए गए कई बड़े बदलाव
आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट में कई ऐसे फीचर्स जोड़े गए हैं, जिनसे टिकट बुकिंग पहले की तुलना में अधिक आसान होगी।
- अनावश्यक कैप्चा और पॉप-अप हटाए गए हैं।
- चमकदार ग्राफिक्स और बाधक तत्वों को कम किया गया है।
- सभी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता एक साथ दिखाई देगी।
- टिकट बुकिंग के दौरान चेकआउट के चरण कम किए गए हैं।
- पहले से सेव यात्रियों की जानकारी उपलब्ध रहने से बार-बार विवरण भरने की जरूरत नहीं होगी।
रोजाना लाखों लोग करते हैं इस्तेमाल
आईआरसीटीसी की वेबसाइट की शुरुआत वर्ष 2002 में हुई थी। वर्तमान में इस प्लेटफॉर्म के जरिए रोजाना औसतन 14.5 लाख टिकटों की बुकिंग होती है। बढ़ती जरूरतों को देखते हुए वेबसाइट को आधुनिक तकनीक के अनुरूप अपग्रेड किया गया है।
जल्द आएगा अंतिम संस्करण
रेलवे मंत्रालय ने बताया कि बीटा वर्जन का उद्देश्य यात्रियों से सुझाव प्राप्त करना है। उपयोगकर्ताओं की प्रतिक्रिया के आधार पर आवश्यक सुधार किए जाएंगे। इसके बाद नई वेबसाइट को रेलवे की उन्नत पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम के साथ जोड़कर अंतिम संस्करण लॉन्च किया जाएगा, जिससे टिकट बुकिंग का अनुभव और बेहतर होने की उम्मीद है।

