उत्तर प्रदेश : वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वे दिव्यांगजन को सहायक उपकरण देते समय मुस्कुराते हुए कहते नजर आ रहे है कि मुझे और मेरे चेहरे को भूल मत जाना। मंत्री की इस टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। कार्यक्रम में कई स्थानीय नेता भी मौजूद रहे।
शाहजहांपुर में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे मंत्री
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को सुरेश कुमार खन्ना शाहजहांपुर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान 69 दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण वितरित किए गए। मंत्री ने लाभार्थियों को उपकरण देने के साथ वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।
दयाराम से बातचीत का वीडियो हुआ वायरल
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने एक लाभार्थी दयाराम को उपकरण देते हुए मुस्कुराकर कहा, मुझे और मेरे चेहरे को भूल मत जाना। इसी बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।कार्यक्रम में कुल 69 दिव्यांगजनों को अलग-अलग तरह के उपकरण दिए गए। इनमें 26 सामान्य ट्राईसाइकिल, 14 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, 6 व्हीलचेयर, 10 एमआर किट, 9 कान की मशीन, एक वॉकिंग स्टिक और 3 ब्लाइंड स्टिक शामिल रही।
दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
सरकार की ओर से दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता दी जा रही है। इसी क्रम में जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम के बाद मंत्री की टिप्पणी वाला वीडियो चर्चा में आ गया है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक सुरेश कुमार खन्ना की ओर से इस बयान को लेकर कोई अलग स्पष्टीकरण सामने नहीं आया था।