देशभर में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कई राज्यों में लगातार बारिश का दौर जारी है, वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले दिनों में वर्षा की गतिविधियां और तेज होने की संभावना जताई है। उत्तर-पश्चिम, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
15 राज्यों में बारिश को लेकर चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान समेत करीब 15 राज्यों में हल्की से लेकर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों के लिए मौसम संबंधी अलर्ट जारी किया गया है।विभाग ने तेज हवाओं के चलते पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की आशंका भी जताई है। इसके अलावा खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की संभावना को देखते हुए किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में उमस के बीच बारिश के आसार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि दिल्ली में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चल सकती हैं, जो कुछ समय के लिए 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।राजधानी में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में बारिश का लंबा दौर
उत्तर प्रदेश में 19 से 24 जुलाई तक कई इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या समेत कई क्षेत्रों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है।वहीं बिहार के अधिकांश हिस्सों में भी 19 से 24 जुलाई के बीच व्यापक बारिश होने का अनुमान है।
पहाड़ी राज्यों में बढ़ा खतरा
मौसम विभाग के मुताबिक सक्रिय मानसून और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में खतरा बढ़ सकता है। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन, अचानक बाढ़ और नदियों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका जताई गई है।जम्मू-कश्मीर में 22 जुलाई तक मौसम खराब रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों और पर्यटकों को नदी-नालों, पहाड़ी रास्तों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
राजस्थान और झारखंड में भी जारी रहेगा बारिश का दौर
राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 24 जुलाई तक गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने का अनुमान है। वहीं झारखंड के अधिकांश जिलों में 23 जुलाई तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। कई स्थानों पर भारी वर्षा भी दर्ज की जा सकती है।

