हमारे यहां भारत में खाने-पीने की कई तरह की चीजें बनाई जाती हैं। इस सबके लिए अलग-अलग बर्तनों का इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, कड़ाही एक ऐसी चीज है, जो लगभग सभी तरह के डिशेज बनाने में इस्तेमाल की जाती है। सब्जी बनानी हाे या फिर पूड़ी ही क्यों न तलनी हो, ये हर चीज के लिए बेस्ट होती है। हालांकि, कई बार खाना बनाते समय कड़ाही नीचे से जल जाती है और इसे साफ करना मुश्किल हो जाता है।
स्क्रबर या फिर साबुन से साफ करने पर भी इसका काला रंग दूर नहीं होता है। ऐसे में आप संतरे के छिलके का इस्तेामाल कर सकती हैं। आमतौर पर आप नींबू का इस्तेमाल करती होंगी, लेकिन संतरे में भी वही गुण माैजूद होते हैं जाे नींबू में होते हैं। ऐसे में संतरे का छिलका जली हुई कड़ाही को साफ करने में मददगार हो सकता है। ये एक कमाल का किचन हैक है। आइए जानते हैं आप इसका इस्तेमाल कैसे कर सकती हैं?
कैसे काम करता है संतरे का छिलका?
संतरे के छिलके में नेचुरल एसिड और ऑयल पाए जाते हैं, जो कड़ाही पर जमी हुई चिकनाई को दूर करते हैं। साथ ही जले हुए काले जिद्दी दाग को भी खत्म करते हैं। यही कारण है कि आप ज्यादा मेहनत किए बिना भी जली हुई कड़ाही को चुटकियों में साफ कर सकती हैं।
जली हुई कड़ाही साफ करने के आसान तरीके
अगर कड़ाही ज्यादा नहीं जली है, तो संतरे का ताजा छिलका लें। अब कड़ाही में पानी डालकर हल्का गर्म कर लें। जब कड़ाही हल्की गर्म हो जाए। इसके बाद पानी काे गिराकर संतरे के छिलके से जले हुए हिस्से पर रगड़ें। कुछ ही देर में कालापन हल्का होने लगेगा। इसके बाद थोड़ा सा बर्तन धोने वाला साबुन लगाकर कड़ाही को साफ कर लें। ये फिर से एकदम नई जैसी हो जाएगी। ये किचन हैक्स वाकई कमाल का है।
संतरे के छिलके का पाउडर भी करेगा कमाल
जब भी आप संतरा खाएं तो उसके छिलके को धूप में सुखा लें। अब इन छिलकों का पाउडर बना लें। इस पाउडर को कड़ाही में डालकर थोड़ा पानी मिलाएं। स्क्रबर से कड़ाही को रगड़ें। ये तरीका खासतौर पर पुरानी चिकनाहट हटाने में मदद करता है।
नमक और संतरे का छिलका भी आएगा काम
आपको बता दें कि गंदगी हटाने में ज्यादातर घरों में नमक का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में जली हुई कड़ाही में थोड़ा नमक डालकर संतरे के छिलके से रगड़ दें। नमक के दाने चिकनाहट साफ करेंगे और छिलका कालापन हटाएगा। इसके बाद कड़ाही को पानी से धो लें।
तो इस आसान हैक से न सिर्फ आपकी कड़ाही साफ होगी, बल्कि संतरे के छिलके का सही इस्तेमाल भी हो जाएगा। अगली बार कड़ाही जले, तो ये तरीका जरूर आजमाइएगा। साथ ही अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें।