लखनऊ। लखनऊ और कानपुर के बीच यात्रा को तेज, सुरक्षित और सुगम बनाने वाला बहुप्रतीक्षित लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे अब पूरी तरह तैयार है। सोमवार को इसके लोकार्पण के साथ परियोजना का औपचारिक शुभारंभ होगा। उद्घाटन के अगले दिन सुबह से एक्सप्रेसवे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा और उसी समय से टोल वसूली भी शुरू होगी।
उद्घाटन समारोह में जुटेंगे दिग्गज नेता
एक्सप्रेसवे का उद्घाटन केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। उद्घाटन समारोह उन्नाव में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के बाद तीनों नेता इसी एक्सप्रेसवे से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
दिनभर कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह सुबह लखनऊ पहुंचने के बाद सबसे पहले किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वह अपने सरकारी आवास जाएंगे और दोपहर में हेलीकॉप्टर से उद्घाटन स्थल पहुंचेंगे। शाम को सरोजनी नगर स्थित कैप्टन मनोज पांडे सैनिक स्कूल में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
14 जुलाई सुबह से शुरू होगा यातायात
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार एक्सप्रेसवे मंगलवार सुबह आठ बजे से आम वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। इसी समय से टोल शुल्क भी प्रभावी हो जाएगा। नई सड़क के शुरू होने से लखनऊ और कानपुर के बीच यात्रा का समय कम होने के साथ आवागमन भी अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
मार्ग पर उपलब्ध सुविधाओं का भी करेंगे निरीक्षण
लोकार्पण के बाद राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक्सप्रेसवे से यात्रा करेंगे। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी उन्हें मार्ग पर विकसित की जा रही वे साइड सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य विकास कार्यों की जानकारी देंगे। माना जा रहा है कि इस परियोजना से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और व्यापारिक तथा औद्योगिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

