ऊधमपुर: जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह अमरनाथ यात्रा के दौरान एक सड़क हादसा सामने आया। रामबन जिले के चंद्रकोट इलाके में लंगर प्वाइंट के पास यात्रा में शामिल चार वाहन एक के बाद एक टकरा गए। इस दुर्घटना में 18 तीर्थयात्री घायल हुए हैं। राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई और सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
पीछे से टक्कर के बाद एक के बाद एक भिड़े वाहन
जानकारी के अनुसार, अमरनाथ यात्रियों का काफिला पहलगाम की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान चंद्रकोट के पास एक एसआरटीसी बस ने आगे चल रही दूसरी एसआरटीसी बस को पीछे से टक्कर मार दी।टक्कर इतनी तेज थी कि आगे वाली बस का संतुलन बिगड़ गया और वह एक नेक्सा एक्सएल-6 कार से जा टकराई। इसके बाद कार भी आगे चल रही निजी बस से भिड़ गई। इस तरह हाईवे पर चार वाहन लगातार एक दूसरे से टकरा गए।
घायलों को तुरंत पहुंचाया गया उपचार केंद्र
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद सुरक्षाबलों और हाईवे प्रबंधन की टीम सक्रिय हो गई। सभी घायल यात्रियों को तत्काल प्राथमिक चिकित्सा केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया।चिकित्सकों के अनुसार, सभी यात्रियों को हल्की चोटें आई थीं। उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
क्रेन की मदद से हटाए गए क्षतिग्रस्त वाहन
दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया और मार्ग पर आवाजाही फिर से शुरू कराई।प्रशासन की ओर से बताया गया कि अमरनाथ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

