शादी को लेकर धार्मिक टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर तेज हुई बहस
मुंबई। अभिनेता आमिर खान एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उनकी और गौरी स्प्राट की शादी को लेकर एक धार्मिक टिप्पणी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है। एक मुस्लिम धर्मगुरु ने शरिया की अपनी व्याख्या का हवाला देते हुए इस विवाह पर आपत्ति जताई है। इस पर आमिर खान या उनकी ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
शरिया का हवाला देकर जताई आपत्ति
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, मुस्लिम पर्सनल दारुल इफ्ता के शाही चीफ मुफ्ती मौलाना इब्राहिम हुसैन ने कहा कि उनकी व्याख्या के अनुसार एक मुस्लिम पुरुष किसी गैर मुस्लिम महिला से विवाह तभी कर सकता है, जब वह इस्लाम स्वीकार कर ले। इसी आधार पर उन्होंने आमिर खान और गौरी स्प्राट के विवाह को लेकर आपत्ति जताई।
वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ी चर्चा
इस बयान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है। वीडियो में मौलाना अंतरधार्मिक विवाह को लेकर अपनी धार्मिक राय रखते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस विषय को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
एक से अधिक विवाह पर भी रखी राय
मौलाना इब्राहिम हुसैन ने अपने बयान में एक से अधिक विवाह और तलाक के मुद्दे पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति वैवाहिक जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं कर सकता, तो उसे दूसरी या तीसरी शादी जैसे निर्णय नहीं लेने चाहिए। उनके अनुसार विवाह एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, जिसे गंभीरता से निभाया जाना चाहिए।
आमिर खान की निजी जिंदगी रही चर्चा में
आमिर खान ने वर्ष 1986 में रीना दत्ता से विवाह किया था। इस रिश्ते से उनके दो बच्चे जुनैद खान और इरा खान हैं। दोनों ने वर्ष 2002 में अलग होने का फैसला लिया।इसके बाद वर्ष 2005 में उन्होंने फिल्म निर्माता किरण राव से शादी की। दोनों का एक बेटा आजाद राव खान है। वर्ष 2021 में आमिर खान और किरण राव ने अलग होने की घोषणा की थी। हालांकि दोनों ने स्पष्ट किया था कि वे अपने बेटे की परवरिश और पेशेवर जिम्मेदारियों को मिलकर निभाते रहेंगे।फिलहाल आमिर खान और गौरी स्प्राट की शादी को लेकर सामने आए इस बयान पर सार्वजनिक चर्चा जारी है, जबकि अभिनेता की ओर से इस विषय पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

