क्यूबा। क्यूबा इस समय गंभीर ईंधन संकट का सामना कर रहा है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि देश में डीजल और फ्यूल ऑयल लगभग पूरी तरह खत्म हो गया है। इसकी वजह से राजधानी Havana में बार-बार बिजली कटौती हो रही है. जिसे पिछले कई दशकों का सबसे खराब पावर संकट माना जा रहा है।
देश के ऊर्जा मंत्री Vicente de la O ने सरकारी मीडिया से बातचीत में कहा कि देश के पास न तो डीजल बचा है और न ही फ्यूल ऑयल का कोई स्टॉक मौजूद है. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय बिजली ग्रिड बेहद खराब स्थिति में पहुंच चुका है। साथ ही फिलहाल किसी तरह का रिजर्व भी नहीं बचा है। क्यूबा की राजधानी Havana में इस हफ्ते और पिछले कुछ दिनों के दौरान बिजली कटौती काफी बढ़ गई है। ऊर्जा मंत्री के मुताबिक कई इलाकों में लोगों को रोजाना 20 से 22 घंटे तक बिना बिजली के रहना पड़ रहा है।
पहले से ही खाने-पीने की चीजों, दवाइयों और ईंधन की कमी से जूझ रहे लोगों की मुश्किलें अब और बढ़ गई हैं। सरकार का कहना है कि देश का पावर ग्रिड फिलहाल घरेलू कच्चे तेल, प्राकृतिक गैस और रिन्यूएबल एनर्जी के सहारे चलाया जा रहा है।
सोलर पावर बढ़ी, लेकिन संकट बरकरार
क्यूबा ने पिछले दो सालों में करीब 1,300 मेगावाट सोलर पावर क्षमता का विस्तार किया है. हालांकि, ईंधन की भारी कमी और बिजली ग्रिड की अस्थिरता की वजह से इसका पूरा फायदा नहीं मिल पा रहा है. ग्रिड की खराब स्थिति के कारण बिजली उत्पादन और उसकी क्षमता दोनों प्रभावित हो रहे है.
क्यूबा किसी भी देश से तेल खरीदने को तैयार
क्यूबा के ऊर्जा मंत्री ने कहा है कि, जो भी देश उन्हें ईंधन बेचने के लिए तैयार होगा, क्यूबा उससे खरीदने को तैयार है. लेकिन हालात यह हैं कि पहले क्यूबा को तेल सप्लाई करने वाले बड़े देश जैसे Mexico और Venezuela ने जनवरी 2026 में डोनाल्ड ट्रंप के नए आदेश के बाद ईंधन भेजना बंद कर दिया.

