दिल्ली में अरुणाचल प्रदेश की महिलाओं पर नस्लीय टिप्पणी, आरोपी महिला रूबी जैन गिरफ्तार, किरेन रिजिजू, बोले- सख्त कार्रवाई करेंगे

दिल्ली पुलिस ने बुधवार को अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं के साथ कथित नस्लीय टिप्पणी के मामले में रूबी जैन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी SC/ST Act के तहत की गई है। मुख्य आरोपी हर्ष सिंह ने इससे पहले मंगलवार को कहा था कि वे इस घटना के लिए शर्मिंदा हैं और ऐसा उनका स्वभाव नहीं है। उन्होंने बताया कि यह घटना हीट ऑफ द मूमेंट में हुई और उन्होंने मामले में पुलिस को पूरा सहयोग देने का भरोसा भी दिया।

दिल्ली में अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं के साथ कथित नस्लीय टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि उनका कार्यालय शुरू से ही पीड़ितों और दिल्ली पुलिस के लगातार संपर्क में है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में गिरफ्तारी हो चुकी है।

रिजिजू ने कहा, “राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नॉर्थईस्ट के लोगों के खिलाफ किसी भी तरह के दुर्व्यवहार को अधिकारी गंभीरता से लेते हैं और ऐसी घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई करते हैं। मैं खुद इस मामले का फॉलो-अप कर रहा हूँ, ताकि यह संदेश जाए कि नॉर्थईस्ट के लोगों के साथ बुरा बर्ताव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” मंत्री ने यह भी बताया कि पहले नॉर्थईस्ट के बच्चों के साथ क्रूरता होती थी, उन्हें पीटा जाता था या फेंका जाता था और कोई उनसे सवाल नहीं करता था, जबकि पुलिस भी कार्रवाई नहीं करती थी।

क्या है पूरा मामला

दिल्ली के मालवीय नगर में रहने वाली अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं के साथ कथित नस्लीय और अपमानजनक व्यवहार का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, महिलाएं अपने फ्लैट (चौथी मंजिल) में एयर कंडीशनर लगवाने के लिए इलेक्ट्रीशियन को बुला रही थीं। 20 फरवरी की दोपहर लगभग 3:30 बजे, इलेक्ट्रीशियन द्वारा बाहरी दीवार पर ड्रिलिंग के दौरान धूल और मलबा नीचे फर्स्ट फ्लोर में रहने वाले हर्ष सिंह और उनकी पत्नी रूबी की बालकनी में गिर गया। मलबा गिरने को लेकर शुरू हुई छोटी बहस जल्दी ही बिगड़ गई। महिलाओं का कहना है कि हर्ष-सुर्बी दंपति ने उन्हें गालियां दीं और नॉर्थईस्ट समुदाय को लक्षित करते हुए नस्लीय और अपमानजनक टिप्पणियां कीं।

वीडियो में घटना और आरोपों की गंभीरता साफ दिखाई देती है। जानकारी के अनुसार, झगड़े के दौरान आरोपी महिला पीड़ित से कहती है कि वह “500 रुपए में मसाज पार्लर में काम करने वाली धंधेवाली” है। इस दौरान मौके पर एक पुलिस अधिकारी भी मौजूद था, जो बीच-बचाव और हालात को शांत करने की कोशिश करता दिख रहा है। वीडियो में आरोपी हर्ष सिंह महिलाओं से गाली-गलौज करते हैं। पीड़ित ने कहा कि “इस बुड्ढे को समझा लो,” तो आरोपी की पत्नी ने कहा कि वह व्यक्ति “किसी बड़े पॉलिटिशियन का बेटा है, इसलिए उसे बुड्ढा कैसे कह सकती हो।” इसके बाद आरोपी महिला ने यौन-अपमानजनक टिप्पणी करते हुए कहा “तुम उसके साथ क्यों नहीं सोती? मेरे बेडरूम में जाओ, तुम्हें पता चल जाएगा कि वह कितने साल का है।”

 

Leave a Comment