जम्मू-कश्मीर: बारिश का असर सामान्य जनजीवन के साथ यात्रा व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दे रहा है। भूस्खलन और पहाड़ियों से लगातार पत्थर गिरने की घटनाओं के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) शुक्रवार को लगातार छठे दिन भी बंद रहा। प्रशासन की ओर से सड़क को साफ करने का काम जारी है, लेकिन फिलहाल इसे यातायात के लिए सुरक्षित घोषित नहीं किया गया है।
प्रशासन ने यात्रा टालने की दी सलाह
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें। प्रशासन ने यह भी कहा है कि सड़क की स्थिति से जुड़ी किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और केवल ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तथा ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट से जारी जानकारी पर ही विश्वास करें।
फंसे पर्यटकों के लिए चलाई गई विशेष ट्रेन
हाईवे बंद होने से घाटी में फंसे यात्रियों को राहत देने के लिए नॉर्दर्न रेलवे ने श्रीनगर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच विशेष ट्रेन का संचालन किया। इस सेवा के जरिए करीब 600 पर्यटकों को सुरक्षित घाटी से बाहर निकाला गया।
विशेष ट्रेन गुरुवार शाम 5:10 बजे श्रीनगर स्टेशन से रवाना हुई और बनिहाल में ठहराव के बाद रात 8:15 बजे कटरा पहुंची। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस व्यवस्था का उद्देश्य यात्रियों को आगे की रेल सेवाओं से समय पर जोड़ना था।
रेलवे ने यात्रियों से की यह अपील
जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क मार्ग प्रभावित होने के कारण विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया, ताकि लोगों को सुरक्षित यात्रा का विकल्प मिल सके।
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा शुरू करने से पहले एनटीईएस ऐप, आईआरसीटीसी की वेबसाइट या 139 हेल्पलाइन के जरिए ट्रेन की ताजा स्थिति जरूर जांच लें।
अमरनाथ, वैष्णो देवी और शिव खोरी यात्रा भी रुकी
लगातार खराब मौसम, भारी बारिश, अचानक बाढ़ और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए शुक्रवार को भी जम्मू-कश्मीर की सभी प्रमुख धार्मिक यात्राएं स्थगित रहीं। इनमें श्री अमरनाथ यात्रा, माता वैष्णो देवी यात्रा और शिव खोरी यात्रा शामिल हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर यात्राओं पर अस्थायी रोक लगा दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम और रास्ते सामान्य होने के बाद ही यात्राएं दोबारा शुरू की जाएंगी।
श्रद्धालुओं के लिए की गई विशेष व्यवस्था
यात्रा स्थगित होने के कारण विभिन्न बेस कैंपों में रुके श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन की ओर से मुफ्त भोजन और ठहरने की व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

