मुरैना : मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के सबलगढ़ कस्बे में बुधवार रात महज दो घंटे के भीतर लूट, छेड़छाड़ और मारपीट की दो बड़ी वारदातों ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। सबसे चौंकाने वाली घटना सबलगढ़ थाने के ठीक सामने हुई, जहां बदमाशों ने दंपती को रोककर महिला से छेड़छाड़ की, पति के साथ मारपीट की और जेवर व नकदी लूटकर फरार हो गए।हालांकि वारदात के दौरान एक आरोपी का मोबाइल मौके पर गिर गया। जब वह मोबाइल लेने वापस लौटा तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
जन्मदिन पार्टी में जा रही महिला को रास्ते में घेरकर लूटा
पहली वारदात शाम करीब साढ़े सात बजे हुई। जानकारी के अनुसार एक महिला अपने देवर के साथ जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रही थी। रास्ते में सात से आठ बदमाशों ने दोनों को घेर लिया।आरोपियों ने महिला के देवर की बेरहमी से पिटाई कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद महिला के गले से सोने की चेन, मंगलसूत्र, कानों की बालियां और करीब 20 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
थाने के सामने दंपती को बनाया निशाना
पहली घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद रात लगभग नौ बजे दूसरी वारदात हुई। इस बार बदमाशों ने सबलगढ़ थाने के सामने से गुजर रहे एक दंपती को रोक लिया।आरोपियों ने महिला के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की। पति ने विरोध किया तो उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद महिला का मंगलसूत्र और नकदी लूटकर सभी आरोपी मौके से भाग निकले।
मोबाइल बना पुलिस के लिए अहम सुराग
दूसरी वारदात के दौरान एक बदमाश का मोबाइल घटनास्थल पर गिर गया, जिसे पीड़ित महिला ने सुरक्षित रख लिया। कुछ देर बाद आरोपी अपना मोबाइल लेने वापस पहुंचा तो पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ कर रही है।
एक ही गिरोह पर पुलिस को शक, कस्बे में बढ़ी दहशत
लगातार हुई दोनों घटनाओं के बाद पूरे सबलगढ़ कस्बे में भय का माहौल है। पुलिस को आशंका है कि दोनों वारदातों के पीछे एक ही गिरोह का हाथ हो सकता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि जब थाना परिसर के सामने ही इस तरह की घटनाएं हो सकती हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा होना स्वाभाविक है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

