सरगुजा : पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले करीब 10 दिनों से पुलिस को चकमा देने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था और मोबाइल फोन बंद रखकर छिपने की कोशिश कर रहा था। कई राज्यों में तलाश अभियान चलाने के बाद पुलिस ने बिहार पुलिस के सहयोग से आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।
गंभीर धाराओं में दर्ज था मामला
पुलिस के अनुसार अंबिकापुर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 504/2026 के तहत आरोपी तरुण कुमार जायसवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
आरोप है कि आरोपी ने नाबालिग पीड़िता के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। वारदात के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई थीं।
पुलिस से बचने के लिए अपनाए कई तरीके
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर और संभावित ठिकानों पर कई बार दबिश दी, लेकिन हर बार वह पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया। उसके दोनों घरों में ताला लगा मिला और मोबाइल फोन भी लगातार बंद पाया गया।
पुलिस ने आरोपी के रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ की। इसके अलावा बैंक खातों को फ्रीज कराया गया और वाहन की आवाजाही, संदिग्ध मोबाइल नंबरों समेत अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच शुरू की गई।
जांच में पता चला कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए लगातार अलग-अलग राज्यों में ठिकाने बदल रहा था। वह मोबाइल का इस्तेमाल नहीं कर रहा था और जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों के फोन से संपर्क करता था, ताकि उसकी लोकेशन का पता न चल सके।
कई राज्यों में तलाश के बाद पटना से पकड़ा गया
आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों ने झारखंड के देवघर और वासुकीनाथ, रांची तथा ओडिशा के पुरी सहित कई संभावित स्थानों पर दबिश दी। लगातार निगरानी और तकनीकी जांच के बाद आरोपी की मौजूदगी बिहार के पटना में मिली।
इसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड के लिए पटना की अदालत में पेश किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे सरगुजा लाया जा रहा है।
लाइसेंसी हथियार पहले ही किया जा चुका है जब्त
पुलिस ने बताया कि आरोपी के नाम पर जारी लाइसेंसी 12 बोर डीबीबीएल बंदूक और उसका लाइसेंस पहले ही जब्त किया जा चुका है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है।
महिला और बच्चों से जुड़े अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी
सरगुजा पुलिस ने कहा है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए तकनीकी जांच, अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय और विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि पीड़ितों को जल्द न्याय मिल सके।

