क्या आपने कभी महसूस किया है कि पीरियड्स से पहले आपको अपने बर्ताव में कुछ अंतर महसूस होता है? कभी आप गुस्से की मशीन बन जाती हैं, तो कभी छोटी सी बात पर रोना आ जाता है। कभी बहुत भूख लगती है, तो कभी कुछ भी खाने का मन नहीं करता है। कई बार महिलाओं को समझ नहीं आता है कि ऐसा क्यों हो रहा है और क्या इन बातों का पीरियड्स से कोई कनेक्शन है? कभी-कभी अचानक से डेट से पहले पीरियड्स आ जाते हैं, तो कभी डेट निकलने के बाद भी पीरियड्स का अता-पता नहीं होता है। असल में पीरियड्स हर महीने 21-35 दिनों के बीच आने चाहिए और अगर ऐसा नहीं हो रहा है, तो यह सही नहीं है। जब पीरियड्स करीब होते हैं, तो हमारा शरीर कई अजीब इशारे भी करता है, जिनके बारे में कई बार हमें जानकारी नहीं होती है। चलिए, इस बारे में एक्सपर्ट से जानते हैं। यह जानकारी डॉक्टर सोनू खोखर, एमबीबीएस डॉक्टर, हेल्थ एंड वेलनेस एक्सपर्ट (Dr. Sonu Khokhar, MBBS Doctor, Health and Wellness Expert) दे रही हैं।
सेक्शुअल रिलेशन बनाने की इच्छा बढ़ जाना
महिलाओं में सेक्शुअल रिलेशन बनाने की इच्छा का पीरियड साइकिल से गहरा संबंध है। ओव्युलेशन के समय और पीरियड्स से पहले काफी महिलाओं को इंटिमेट होने की इच्छा होती है। अगर अचानक से आपको ऐसा महसूस हो रहा है, तो हो सकता है कि आपकी पीरियड डेट नजदीक हो। दरअसल, इस समय पर शरीर में एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन के लेवल में उतार-चढ़ाव होता है और इसके कारण कई महिलाओं को इंटिमेट होने का मन अधिक करता है।

सिर और ब्रेस्ट में दर्द
अगर आपको अचानक से सिर में तेज दर्द महसूस हो रहा है, ब्रेस्ट और इसके आस-पास दर्द और सूजन हो, तो ये भी पीरियड्स के आने का संकेत हो सकता है। कई महिलाओं को ब्रेस्ट के आस-पास गांठ सी भी महसूस हो सकती है। ब्रेस्ट में भारीपन लगना या ऐसा महसूस होना जैसे चोट लग गई हो, ये भी पीरियड के आने का एक अजीब लक्षण हो सकता है।
कब्ज
पीरियड से पहले कई महिलाओं को कब्ज महसूस होता है। एक्सपर्ट का कहना है कि कई महिलाएं उनके पास आकर ऐसा बताती हैं कि डेट आने से लगभग एक हफ्ते पहले से उनका पेट साफ नहीं होता है। इस समय पर कई महिलाओं का पाचन तंत्र बहुत धीमा हो जाता है और खाना आंतों से बाहर धीरे-धीरे निकलता है।
बार-बार यूरिन आना
ये काफी अजीब है, लेकिन कई महिलाओं के साथ ऐसा होता है। कई महिलाओं को पीरियड की डेट से कुछ दिन पहले बार-बार यूरिन आने लगता है, तो कई महिलाओं को यूटीआई हो जाता है। कई बार महिलाओं को दिन में 8-10 बार से भी ज्यादा बार यूरिन पास करने की इच्छा होती है।
एंग्जायटी महसूस होना
अचानक से छोटी-छोटी बातों पर घबराहट या स्ट्रेस महसूस होना भी पीरियड आने का एक संकेत हो सकता है। मूड स्विंग्स तो आम हैं, लेकिन कई महिलाओं को बहुत घबराहट महसूस होती है।